शहीद दिवस पर निकाली निवाई में तिरंगा यात्रा

शहीद परिवारों एवं पूर्व सैनिकों को किया सम्मानित

Mar 24, 2026 - 14:47
 0  14
शहीद दिवस पर निकाली निवाई में तिरंगा यात्रा

निवाई। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के ‘माय भारत’ केंद्र, टोंक ने पूर्व सैनिक संगठन निवाई के संयुक्त तत्वावधान में सोमवार को शहीद दिवस के अवसर पर कार्यक्रम का आयोजन किया। अमर शहीद भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव के बलिदान दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में नगरपालिका कार्यालय से शहीद स्मारक तक तिरंगा रैली निकाली गई। इस अवसर पर मुख्य अतिथि स्थानीय विधायक रामसहाय वर्मा रहे। कार्यक्रम के अन्य विशिष्ट मेहमान एयर कमोडोर चंद्रमूली वीएसएम एवं निवर्तमान चेयरमैन दिलीप इसरानी मौजूद रहे।कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण भव्य तिरंगा मोटरसाइकिल रैली एवं पदयात्रा रही। सैकड़ों युवाओं, पूर्व सैनिकों और स्थानीय नागरिकों ने हाथों में तिरंगा थामे भारत माता के जयघोष के साथ शहर के मुख्य मार्गों से होकर रैली निकाली। इस दौरान वातावरण पूरी तरह राष्ट्रभक्ति के गीतों और शहीदों के प्रति सम्मान की भावना से ओतप्रोत रहा।

यह यात्रा पुलिस थाना, अहिंसा सर्किल, प्रताप स्टेडियम होते हुए शहीद स्मारक पहुंची। यात्रा के दौरान स्थानीय लोगों ने पुष्प वर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित करते हुए विधायक रामसहाय वर्मा ने कहा कि शहीदों का बलिदान हमें राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का अहसास कराता है। मुख्य अतिथि ने वीरांगनाओ का सम्मान किया। कार्यक्रम में पूर्व सैनिको का माला एवं दुपट्टा पहनाकर अभिनन्दन किया गया।

कार्यक्रम में माय भारत टोंक की ओर से लेखा एवं कार्यक्रम सहायक रोहिल कुमार कट्टा, सेवानिवृत्त कर्नल राजाराम जी चौधरी, सेवानिवृत्त कर्नल उमराव सिंह, सेवानिवृत्त कमांडर मुकुट बिहारी जी, सेवानिवृत्त एसडीएम लक्ष्मीनारायण परिहार, कैप्टन हनुमान सिंह, कैप्टन किशन लाल चौधरी, पुरुषोत्तम शर्मा, कैप्टन सूरजमल चौधरी, सूबेदार राम चौधरी, कैप्टन भगवान सहाय शर्मा, कैप्टन दुगार्लाल, कैप्टन सीताराम गुर्जर उपस्थित रहे। माय भारत टोंक स्वयं सेवक नरेंद्र सिंह, विशाल सैनी, सावन धाप, राहुल एवं हितेश सैन भी मौजूद रहें। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

SJK News Chief Editor (SJK News)