उदयपुर पुलिस का अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ मेगा एक्शन

1.98 करोड़ का 1323.740 किग्रा अवैध डोडा चूरा जब्त; तस्करी में प्रयुक्त 2 गाड़ियां भी पकड़ीं

Sep 10, 2026 - 20:20
 0  4
उदयपुर पुलिस का अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ मेगा एक्शन

जयपुर । जिला पुलिस अधीक्षक उदयपुर डॉ. अमृता दुहन के निर्देशानुसार जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सायरा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान 1323.740 किलोग्राम अवैध अफीम डोडा चूरा जब्त किया है। जब्त मादक पदार्थ की बाजार कीमत करीब 1 करोड़ 98 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त टोयोटा ईटियोस कार और बोलेरो पिकअप भी जब्त की हैं।
    अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय श्री मुकुल शर्मा एवं वृत्ताधिकारी वृत्त गिर्वा छगन पुरोहित के सुपरविजन में थानाधिकारी सायरा शैतान सिंह नाथावत के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की। थानाधिकारी को मुखबिर से सूचना मिली कि मग्गा से काम्बा जाने वाली सड़क पर घाटे के अंदर कुछ तस्कर कट्टों से भरी गाड़ियों के साथ मौजूद हैं।
   सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। वहां एक सफेद रंग की ईटियोस कार और एक सफेद रंग की बोलेरो पिकअप खड़ी मिली। पुलिस को देखते ही दोनों वाहनों में मौजूद तस्कर अंधेरे और पहाड़ी क्षेत्र का फायदा उठाकर झाड़ियों की ओर भाग निकले।
66 कट्टों में भरा था 1323 किलो डोडा चूरा
पुलिस टीम ने दोनों वाहनों की तलाशी ली तो उनमें प्लास्टिक के कट्टों में भारी मात्रा में अवैध अफीम डोडा चूरा भरा मिला। पुलिस ने मौके से कुल 66 कट्टे जब्त किए, जिनका कुल वजन 1323.740 किलोग्राम पाया गया। पुलिस ने मादक पदार्थ के साथ दोनों वाहनों को भी जब्त कर लिया।
फर्जी नंबर प्लेट और संदिग्ध दस्तावेज भी मिले
वाहनों की तलाशी के दौरान पुलिस को मोबाइल फोन, आधार कार्ड, फर्जी नंबर प्लेटें और अन्य संदिग्ध दस्तावेज भी मिले हैं। पुलिस अब इन दस्तावेजों और मोबाइल फोन के आधार पर फरार तस्करों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
इनकी रही अहम भूमिका
कार्रवाई में थानाधिकारी शैतान सिंह नाथावत, सहायक उप निरीक्षक राजेन्द्र सिंह, हेड कांस्टेबल रामदयाल, नरेन्द्र सिंह, कांस्टेबल रूपाराम, लोकेन्द्र सिंह, गुमान सिंह, पुष्पराज सिंह, काना पुरी और मुकेश शामिल रहे। कांस्टेबल लोकेन्द्र सिंह की विशेष भूमिका रही।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

SJK News Chief Editor (SJK News)