गरबा-डांडिया में महिला सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

शक्ति सुरक्षा अभियान के तहत नवरात्रि में कालिका पेट्रोलिंग यूनिट की नीली वर्दी और सादा वस्त्रों में निगरानी, डिकॉय ऑपरेशन जारी

Oct 13, 2026 - 13:01
 0  5
गरबा-डांडिया में महिला सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

जयपुर। नवरात्र के दौरान गरबा एवं डांडिया कार्यक्रमों में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए राजस्थान पुलिस द्वारा संचालित ‘शक्ति सुरक्षा अभियान’ के तहत विशेष सतर्कता बरती जा रही है। महानिदेशक पुलिस के निर्देशों के अनुरूप अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस श्रीमती लता मनोज कुमार के मार्गदर्शन में महिलाओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सार्वजनिक आयोजनों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने तथा असामाजिक तत्वों पर प्रभावी कार्रवाई के प्रयास किए जा रहे हैं।

    प्रमुख गरबा एवं डांडिया कार्यक्रम स्थलों को चिन्हित कर विशेष निगरानी रखी जा रही है। आयोजन स्थलों, प्रवेश एवं निकास द्वारों, पार्किंग स्थलों और आवागमन के मार्गों पर कालिका पेट्रोलिंग यूनिट को नीली वर्दी में तैनात किया गया है। वहीं, संवेदनशील और अधिक भीड़भाड़ वाले कार्यक्रमों में सादा वर्दी में महिला पुलिसकर्मियों की टीमें भी तैनात की गई हैं। ये टीमें डिकॉय ऑपरेशन के माध्यम से महिलाओं एवं बालिकाओं के साथ छेड़छाड़, अभद्र व्यवहार और दुर्व्यवहार करने वाले मनचलों पर नजर रख रही हैं।

गरबा कार्यक्रम में अभद्र टिप्पणी व हंगामा करने वाला युवक गिरफ्तार

पुलिस उपायुक्त (सुपरविजन अधिकारी) श्रीमती अनुष्ठा कालिया ने बताया कि विद्याधर नगर स्टेडियम, जयपुर में आयोजित गरबा कार्यक्रम में कालिका पेट्रोलिंग यूनिट की श्रीमती लक्ष्मी, शर्मिला, अनीता, राकेश और रचना सादा वस्त्रों में तैनात थीं। ड्यूटी के दौरान टीम ने देखा कि एक युवक महिला पंडाल में आने वाली लड़कियों एवं महिलाओं के पीछे कुछ दूरी पर चलकर उन पर अनुचित टिप्पणियां कर रहा था।

   पुलिस टीम ने युवक के पास जाकर अपना परिचय दिया और उसे समझाइश दी। इस पर वह उग्र होकर जोर-जोर से बोलने लगा और हंगामा करने लगा। इसके बाद टीम ने 112 पुलिस वाहन बुलाकर उसे थाने पहुंचाया। थाने में भी वह ड्यूटी ऑफिसर के सामने धमकीपूर्ण व्यवहार करता रहा। ब्रेथ एनालाइजर से जांच में उसके शराब का सेवन किए होने की पुष्टि हुई।

    इन परिस्थितियों को देखते हुए ड्यूटी ऑफिसर के आदेशानुसार युवक विजय स्वामी पुत्र मुकेश स्वामी (18) निवासी जेपी कॉलोनी सेक्टर-1 शास्त्री नगर, थाना भट्टा बस्ती, जयपुर को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 170 (1) के तहत गिरफ्तार किया गया।

महिलाओं को किया जा रहा जागरूक

पुलिस उपायुक्त (सुपरविजन अधिकारी) श्रीमती अनुष्ठा कालिया के नेतृत्व में कालिका पेट्रोलिंग यूनिट गरबा-डांडिया स्थलों पर आने वाली महिलाओं एवं बालिकाओं को महिला हेल्पलाइन 1090, राजकॉप सिटीजन एप, आपातकालीन नंबर 112 और अन्य पुलिस संपर्क माध्यमों की जानकारी देकर जागरूक करेगी। महिला पीसीआर वैन 1090 तथा संबंधित थाने की चेतक और ER 112 के जाब्ते से समन्वय कर कार्यक्रम स्थलों पर सुरक्षा सुनिश्चित की जा रही है।

निर्भया हेल्पलाइन नंबर सेव करने की अपील

डीसीपी अनुष्ठा कालिया ने भीड़भाड़ वाले स्थानों पर जाने वाली सभी बालिकाओं एवं महिलाओं से अपने मोबाइल में निर्भया हेल्पलाइन के पांच नंबर 8764866090, 8764866091, 8764866092, 8764866093 और 8764866094 को "निर्भया 1, 2, 3, 4, 5" के नाम से सेव करने की अपील की है। किसी भी परेशानी या विषम परिस्थिति में इन नंबरों पर लिखित, मौखिक, ऑडियो, वीडियो या रिकॉर्डिंग भेजकर तत्काल सहायता ली जा सकती है। यह हेल्पलाइन 24 घंटे संचालित है।

पुलिस का संदेश

जयपुर पुलिस महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्ध है। सार्वजनिक कार्यक्रमों में महिलाओं से अभद्र व्यवहार करने और शांति व्यवस्था भंग करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

SJK News Chief Editor (SJK News)