झारखंड के नक्सल प्रभावित क्षेत्र में राजस्थान पुलिस की बड़ी कार्रवाई
50 हजार का इनामी तस्कर सुरेन्द्र साहू गिरफ्तार दो साल से फरार आरोपी को हरिहरगंज से दबोचा, तेल मिल में छिपकर बदल रहा था ठिकाने; राजस्थान सहित कई राज्यों में फैला रखा था मादक पदार्थ तस्करी का नेटवर्क
जयपुर। महानिदेशक पुलिस राजीव कुमार शर्मा के निर्देशानुसार राजस्थान पुलिस की सीआईडी क्राइम ब्रांच ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो साल से फरार चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी अपराधी सुरेन्द्र साहू को झारखंड के नक्सल प्रभावित क्षेत्र हरिहरगंज से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी बालोतरा जिले के सिणधरी थाना क्षेत्र में दर्ज डोडा पोस्त तस्करी के मामले में वांछित था। आरोपी ने राजस्थान सहित कई अन्य राज्यों में अवैध मादक पदार्थ तस्करी का नेटवर्क फैला रखा था।
अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (अपराध शाखा) बिपिन कुमार पाण्डेय के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। महानिरीक्षक पुलिस के.बी. वन्दना एवं उप महानिरीक्षक पुलिस दीपक भार्गव के सुपरविजन में उपनिरीक्षक शैलेन्द्र शर्मा के नेतृत्व में गठित सीआईडी (सीबी) की टीम नक्सल प्रभावित हरिहरगंज थाना क्षेत्र में आसूचना संकलन में जुटी थी।
तीन दिन पहले झारखंड पहुंचकर भेष बदलकर की रैकी
टीम के सहायक उपनिरीक्षक शंकर दयाल शर्मा एवं हेड कांस्टेबल रविन्द्र सिंह को सूचना मिली कि बालोतरा जिले के सिणधरी थाने के प्रकरण में फरार 50 हजार रुपये का इनामी आरोपी सुरेन्द्र साहू तेली निवासी अररूआ थाना हरिहरगंज, जिला पलामू (झारखंड) अपनी पहचान छिपाकर लगातार ठिकाने बदल रहा है। सूचना के आधार पर दोनों पुलिसकर्मी तीन दिन पहले ही झारखंड पहुंच गए। वहां उन्होंने भेष बदलकर लगातार रैकी की और आरोपी के छिपने के संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाई। गहन निगरानी एवं प्रयासों के बाद पता चला कि आरोपी सुरेन्द्र साहू हरिहरगंज थाना क्षेत्र की एक तेल मिल में रह रहा है।
राजस्थान और झारखंड पुलिस के बीच समन्वय से बनाई कार्रवाई की योजना
सूचना के आधार पर सीआईडी क्राइम ब्रांच ने महानिरीक्षक पुलिस जोधपुर रेंज सत्येन्द्र सिंह एवं पुलिस अधीक्षक बालोतरा राजेश कांवट से समन्वय स्थापित किया। इसके बाद सिणधरी थानाधिकारी शंकरलाल को पुलिस टीम सहित झारखंड बुलाया गया। सीआईडी टीम ने अपनी पहचान छिपाते हुए मुखबिर द्वारा बताए गए स्थानों पर निगरानी और रेकी कर आरोपी की पहचान सुनिश्चित की।
इसके बाद सीआईडी क्राइम ब्रांच, सिणधरी थाना पुलिस एवं स्थानीय हरिहरगंज थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने तेल मिल पर दबिश देकर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर आरोपी जंगल की तरफ भागने लगा। टीम ने अदम्य साहस और तत्परता का परिचय देते हुए करीब एक किलोमीटर तक पीछा कर आरोपी को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपी को अग्रिम कार्रवाई के लिए सिणधरी थाना पुलिस के सुपुर्द किया गया।
इस मामले में बालोतरा पुलिस को थी तलाश
उल्लेखनीय है कि आरोपी सुरेन्द्र साहू बालोतरा जिले के सिणधरी थाना क्षेत्र में दर्ज 261 किलोग्राम डोडा पोस्त तस्करी के प्रकरण में लंबे समय से फरार चल रहा था। इस प्रकरण में मादक पदार्थ की आपूर्ति झारखंड से किए जाने का खुलासा हुआ था। आरोपी की गिरफ्तारी से इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों एवं इसके संपर्कों के संबंध में आगे की पूछताछ और अनुसंधान का रास्ता खुलेगा।
कार्रवाई में इनकी रही अहम भूमिका
सीआईडी क्राइम ब्रांच की कार्रवाई में उपनिरीक्षक शैलेन्द्र शर्मा के नेतृत्व में सहायक उपनिरीक्षक शंकरदयाल शर्मा, हेड कांस्टेबल रविन्द्र सिंह, बृजेश कुमार शर्मा एवं कुलदीप सिंह की विशेष भूमिका रही। कांस्टेबल सोहन देव यादव ने तकनीकी सहयोग प्रदान किया।
वहीं सिणधरी थाना पुलिस की ओर से थानाधिकारी शंकरलाल, कांस्टेबल गेनाराम, टीकमराम एवं चालक कांस्टेबल बाबूलाल का सराहनीय योगदान रहा।
What's Your Reaction?

