आर्यिका विभाश्री ससंघ का पिच्छिका परिवर्तन समारोह संपन्न
निर्माण नगर में 19 से 24 नवंबर तक होगा सिद्धचक्र महामंडल विधान : आर्यिका श्री
जयपुर। मानसरोवर के वरुण पथ स्थित श्री दिगंबर जैन मंदिर में विराजमान गणिनी आर्यिका श्री विभाश्री माताजी ससंघ के चातुर्मास निष्ठापन के पश्चात गायत्री सभा भवन परिसर में भव्य पिच्छिका परिवर्तन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर धर्मलाभ प्राप्त किया।
समारोह का शुभारंभ प्रातःकाल नित्य सहस्रनाम अभिषेक, शांतिधारा एवं भगवान महावीर की पूजा-अर्चना के साथ हुआ। इसके पश्चात भगवान महावीर के चित्र का अनावरण एवं दीप प्रज्वलन का सौभाग्य कमल-तारा देवी, मनीष, सपन एवं रवि छाबड़ा परिवार को प्राप्त हुआ। शास्त्र भेंट करने का सौभाग्य अजीत-अंजू (बीओबी) परिवार तथा पाद प्रक्षालन का सौभाग्य कमल-उषा सोगानी परिवार को मिला।
इस अवसर पर सभी आर्यिका माताजी को नवीन पिच्छिका प्रदान की गई तथा पुरानी पिच्छिका प्राप्त करने का सौभाग्य मुकेश-अंजू नागेश्वरिया, अखिलेश-जया पांड्या, जे.के. जैन-हीरामणि जैन, हेमेन्द्र-कल्पना सेठी, राजेंद्र-सुरेखा जैन, सुनील-सुनीता गोधा, संतोष-मंजू कासलीवाल, अजीत-अंजू (बीओबी), प्रमोद-भारती गंगवाल, सुरेन्द्र भारती देवेंद्र नगर सहित अन्य श्रद्धालुओं को प्राप्त हुआ। श्रद्धालुओं ने गणिनी आर्यिकाश्री की अष्ठ द्रव्यों से पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
समिति अध्यक्ष जे.के. जैन ने बताया कि आर्यिका श्री ससंघ का मंगल विहार 16 नवंबर 2026 को पार्श्वनाथ दिगंबर जैन मंदिर, निर्माण नगर के लिए होगा।
समिति के संगठन मंत्री एवं प्रवक्ता सुनील जैन गंगवाल ने बताया कि पिच्छिका परिवर्तन समारोह में आर्यिका श्री के अनेक अनन्य भक्त विभिन्न शहरों से शामिल हुए। उन्होंने बताया कि निर्माण नगर स्थित पार्श्वनाथ दिगंबर जैन मंदिर में आर्यिका श्री के सान्निध्य में 19 से 24 नवंबर 2026 तक भव्य सिद्धचक्र महामंडल विधान का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान होंगे।
What's Your Reaction?

