भगवान महावीर का 2553वां निर्वाणोत्सव मनाया
24 किलो का निर्वाण लड्डू चढ़ाया
जयपुर। मानसरोवर के वरुण पथ स्थित श्री दिगंबर जैन मंदिर में रविवार को गणिनी आर्यिका श्री विभाश्री माताजी ससंघ के सान्निध्य में भगवान महावीर स्वामी का 2553वां निर्वाणोत्सव धार्मिक आयोजनों के साथ मनाया गया। इस अवसर पर सहस्त्रनाम अभिषेक, शांतिधारा एवं भगवान महावीर की पूजा-अर्चना की गई। निर्वाण कांड मंत्रों के उच्चारण के साथ भगवान महावीर को 24 किलो का निर्वाण लड्डू अर्पित किया गया।
धर्मसभा में आर्यिका श्री विभाश्री माताजी ने कहा कि भगवान केवल भक्त ही नहीं बनाते, बल्कि भगवान बनने का मार्ग भी बताते हैं। तीर्थंकरों की देशना मनुष्य को निर्वाण अर्थात मोक्ष की दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है।
समिति अध्यक्ष जे.के. जैन एवं मंत्री ज्ञान बिलाला ने बताया कि मुख्य शांतिधारा का सौभाग्य समाज के श्रेष्ठी अरुण पाटनी को मिला, जबकि निर्वाण लड्डू चढ़ाने का पुण्यार्जन निर्मल सेठी परिवार ने किया।
समिति के संगठन मंत्री सुनील जैन गंगवाल ने बताया कि आर्यिका संघ का चातुर्मास निष्ठापन संपन्न हुआ। इस अवसर पर आर्यिका श्री ने चातुर्मास कलश स्थापना के पुण्यार्जकों लीलादेवी, मुकेश एवं अंजू जैन (निर्माण नगर), श्यामा देवी, सुनील-सुनीता गोधा, पराग राखी परिवार एवं मुकुट तथा हेमेन्द्र-कल्पना सेठी को कलश भेंट किए।
गंगवाल ने बताया कि आगामी रविवार, 15 नवंबर 2026 को गायत्री सभा भवन परिसर में आर्यिका संघ का पिच्छिका परिवर्तन समारोह आयोजित किया जाएगा।
What's Your Reaction?

