महिला नेतृत्व और लोकतांत्रिक संस्थाओं में भागीदारी को सशक्त बनाएं : ओम बिरला
नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिला राजनीतिक सहभागिता की दिशा में महत्वपूर्ण पहल : लोकसभा अध्यक्ष
निवाई। राजस्थान के वनस्थली विद्यापीठ में आयोजित ब्रिक्स वीमेन लीडर्स समिट के उद्घाटन सत्र में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने महिला नेतृत्व और लोकतांत्रिक संस्थाओं में महिलाओं की भागीदारी को और अधिक सशक्त बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि वैश्विक चुनौतियों का समाधान करने में महिलाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। महिलाओं को केवल विकास का सहभागी ही नहीं, बल्कि विकास की दिशा निर्धारित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभानी चाहिए। सम्मेलन को संबोधित करते हुए ओम बिरला ने कहा कि वैश्विक शांति, जलवायु परिवर्तन, आतंकवाद और खाद्य सुरक्षा जैसी चुनौतियों का समाधान संवाद, सहयोग और सामूहिक प्रयासों से ही संभव है। कृषि, जल प्रबंधन, खाद्य सुरक्षा, मानवीय सहायता और पुनर्वास जैसे क्षेत्रों में महिलाओं का अनुभव एवं नेतृत्व प्रभावी समाधान प्रस्तुत कर सकता है।
उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में नारी सदैव शक्ति, सृजन और संवेदना की प्रतीक रही है। स्वतंत्रता संग्राम से लेकर संविधान निर्माण और देश की लोकतांत्रिक यात्रा तक महिलाओं का योगदान महत्वपूर्ण रहा है। आज विज्ञान, शिक्षा, तकनीक, उद्यमिता और शासन सहित प्रत्येक क्षेत्र में महिलाएं अपनी प्रतिभा और नेतृत्व से देश का गौरव बढ़ा रही हैं।
लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि पंचायतों से लेकर संसद तक महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी को सशक्त बनाने की दिशा में नारी शक्ति वंदन अधिनियम एक महत्वपूर्ण पहल है। महिलाओं को शिक्षा, तकनीक, डिजिटल सेवाओं और वित्तीय संसाधनों तक समान अवसर उपलब्ध कराना आवश्यक है। उन्होंने महिला सशक्तीकरण से आगे बढ़कर महिला नेतृत्व और विकास की अवधारणा को साकार करने पर बल दिया।
ओम बिरला ने 'वसुधैव कुटुम्बकम्' की भावना का उल्लेख करते हुए विभिन्न देशों की महिला नेतृत्वकर्ताओं के बीच निरंतर संवाद, अनुभवों के आदान-प्रदान और अंतरराष्ट्रीय सहयोग को बढ़ावा देने का आह्वान किया। उन्होंने विश्वास जताया कि यह सम्मेलन महिला नेतृत्व को नई दिशा देने के साथ महिलाओं को सम्मान, सुरक्षा, समान अवसर और निर्णय प्रक्रिया में सार्थक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए नई साझेदारियों का मार्ग प्रशस्त करेगा। गौरतलब है कि 21 से 23 नवंबर 2026 तक आयोजित ब्रिक्स वीमेन लीडर्स समिट में ब्रिक्स देशों एवं साझेदार राष्ट्रों की महिला सांसद, नीति-निर्माता, शिक्षाविद, उद्यमी और अन्य प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं। सम्मेलन में महिला नेतृत्व, राजनीतिक सहभागिता, क्षमता निर्माण, डिजिटल सुरक्षा और साइबर सेफ्टी जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की जा रही है। इसका उद्देश्य विभिन्न देशों के अनुभवों और श्रेष्ठ कार्यप्रणालियों को साझा कर महिला सशक्तीकरण एवं नेतृत्व को प्रोत्साहित करना है।
What's Your Reaction?

