जन सम्पर्क सोसाइटी जयपुर चैप्टर पी आर कांन्क्लेव 2026 आयोजित
मीडिया, जनसम्पर्क और मीडिया शिक्षा के भविष्य पर हुआ व्यापक मंथन
जयपुर। पब्लिक रिलेशन्स सोसाइटी ऑफ इंडिया (PRSI), जयपुर चैप्टर की ओर से शनिवार को सूचना केंद्र, जयपुर में पीआर कांन्क्लेव 2026 का आयोजन किया गया। कॉन्क्लेव में मीडिया, जनसम्पर्क एवं मीडिया शिक्षा से जुड़े विशेषज्ञों, शिक्षाविदों, जनसम्पर्क अधिकारियों और विद्यार्थियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में मीडिया एवं जनसम्पर्क के बदलते स्वरूप, व्यावसायिक चुनौतियों, मीडिया शिक्षा में व्यावहारिक प्रशिक्षण तथा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के दौर में मौलिक रचनात्मकता के महत्व पर चर्चा की गई। इस अवसर पर न्यूजलेटर का विमोचन भी किया गया।
जन सम्पर्क सोसाइटी जयपुर चैप्टर के चेयरमैन वीरेंद्र पारीक ने बताया कि कॉन्क्लेव का उद्देश्य मीडिया, जनसम्पर्क और मीडिया शिक्षा से जुड़े अनुभवी पेशेवरों एवं युवा विद्यार्थियों को एक साझा मंच प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता और जनसम्पर्क के विद्यार्थियों को मुख्यधारा के व्यावसायिक मंचों से जोड़ना समय की आवश्यकता है। अनुभवी पेशेवरों और युवा प्रतिभाओं के बीच संवाद एवं सहभागिता से ही नए विचारों और संभावनाओं को दिशा मिल सकती है। उन्होंने कहा कि मीडिया और जनसम्पर्क की धाराएं एक-दूसरे की सोर्स और रिसोर्स बनकर समाज तक सूचनाएं एवं विचार प्रभावी ढंग से पहुंचाती हैं। इनके बीच बेहतर संबंध, सामंजस्य और पारस्परिक सम्मान सफलता का आधार हैं।
वरिष्ठ पत्रकार जी राजस्थान के सम्पादक डॉ. मनीष शर्मा ने मीडिया शिक्षा में 30:70 का मॉडल अपनाने पर जोर देते हुए कहा कि पाठ्यक्रम में 30 प्रतिशत सैद्धांतिक अध्ययन और 70 प्रतिशत व्यावहारिक प्रशिक्षण होना चाहिए। उन्होंने कहा कि मीडिया एवं जनसम्पर्क के क्षेत्र में केवल किताबी ज्ञान पर्याप्त नहीं है, बल्कि वास्तविक कार्यक्षेत्र का अनुभव, निरंतर अध्ययन और विभिन्न क्षेत्रों की समझ जरूरी है। मीडिया रिलेशंस अवसरवादिता पर नहीं, बल्कि वास्तविक एवं दोतरफा संवाद पर आधारित होने चाहिए। उन्होंने पेशेवरों को बदलते समय के अनुरूप बहुआयामी दक्षताएं विकसित करने और लगातार पढ़ने की आदत बनाए रखने की सलाह दी।
फर्स्ट इंडिया डिजिटल के नेशनल हेड अमित शर्मा ने कहा कि मीडिया शिक्षा में व्यावहारिक प्रशिक्षण और डिजिटल तकनीकों की समझ अत्यंत आवश्यक है। विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ मीडिया की वास्तविक कार्यप्रणाली से परिचित कराना चाहिए। प्रथम पैनल चर्चा में हरिदेव जोशी पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय के प्रोफेसर डॉ. रतन सिंह शेखावत ने भाषा की शुद्धता, नैतिकता, बौद्धिक संतुलन और डिजिटल तकनीकों में निरंतर दक्षता विकसित करने पर जोर दिया। वहीं एमिटी यूनिवर्सिटी की प्रोफेसर डॉ. तनुश्री मुखर्जी ने 'Co-create, Co-research and Co-teach' की अवधारणा के माध्यम से शिक्षण और व्यावहारिक प्रशिक्षण को जोड़ने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि AI पर अत्यधिक निर्भरता के बजाय विद्यार्थियों को अपनी मौलिक सोच, रचनात्मकता और शोध आधारित लेखन को प्राथमिकता देनी चाहिए। बिना पर्याप्त शोध के बोलने-लिखने और प्रचार आधारित सामग्री तैयार करने से बचना भी जरूरी है।
कॉन्क्लेव में मीडिया एवं जनसम्पर्क के वर्तमान संबंधों तथा डिजिटल युग की नई चुनौतियों पर भी विचार-विमर्श हुआ। वक्ताओं ने कहा कि बदलते संचार परिदृश्य में विश्वसनीयता, नैतिकता, रचनात्मकता और निरंतर सीखने की प्रवृत्ति ही मीडिया एवं जनसम्पर्क के भविष्य को मजबूत बनाएगी।
कार्यक्रम में सूचना एवं जनसंपर्क सेवा के नव पदोन्नत अधिकारियों श्री छोटू लाल जीनगर, श्री महेश पारीक, श्री दिनेश शर्मा, श्री सुधाकर सोनी, श्री नरेंद्र सिंह शेखावत, श्री सुनील सिंह शेखावत, श्री कुणाल वशिष्ठ एवं श्री चंद्रशेखर पारीक का अभिनंदन किया गया।
कार्यक्रम में PRSI जयपुर चैप्टर की उपाध्यक्ष श्रीमती कविता जोशी ने धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम का संचालन चंद्रशेखर पारीक ने किया।
इस अवसर पर महासचिव मनीष हूजा, लोकेश शर्मा, रविशंकर शर्मा, डॉ. देवेंद्र पाठक, फारूक अफरीदी, रेशमा खान, सुरेश जोशी, सुमनेश शर्मा, गुरजंट सिंह, गोविन्द शर्मा, कन्हैयालाल भ्रमर सहित अनेक जनसम्पर्क अधिकारी, मीडिया शिक्षाविद्, मीडिया प्रतिनिधि एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?

