श्री दिगंबर जैन युवा महासभा की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न
राष्ट्रीय कार्याध्यक्ष विकेश मेहता का जयपुर में भव्य स्वागत
जयपुर - श्री दिगंबर जैन युवा महासभा, जयपुर जिला की एक महत्वपूर्ण बैठक गुरुवार, 26 नवंबर 2026 को विवेक विहार जैन मंदिर के सभा भवन में आयोजित की गई। बैठक में महासभा के राष्ट्रीय कार्याध्यक्ष आदरणीय विकेश मेहता का जयपुर आगमन पर भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।
बैठक में जयपुर जिला अध्यक्ष जिनेश कुमार जैन ने महासभा की ओर से पिछले माह आयोजित रक्तदान शिविर, शतरंज कक्षाओं के माध्यम से बच्चों को प्रोत्साहित करने, जीवदया के प्रति जागरूकता तथा महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी।
राष्ट्रीय कार्याध्यक्ष विकेश मेहता ने संगठन को अधिक से अधिक मजबूत बनाने तथा समाज के प्रत्येक वर्ग तक संगठन की गतिविधियों को पहुंचाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए सभी पदाधिकारियों को सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
बैठक में आगामी जनगणना को लेकर भी महत्वपूर्ण चर्चा की गई। समाज के लोगों को जनगणना के प्रति जागरूक करने तथा जनगणना के दौरान धर्म के कॉलम में जैन लिखने के लिए प्रेरित करने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही इस जागरूकता अभियान को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया।
बैठक के पश्चात सभी पदाधिकारियों एवं समाजजनों ने परम पूज्य आचार्य श्री सुनील सागर जी महाराज की परम प्रभावक शिष्या आर्यिका रत्न श्री सुविज्ञमति माताजी के मंगल दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान माताजी को संगठन की गतिविधियों एवं सामाजिक कार्यों की जानकारी दी गई। संगठन के कार्यों से प्रसन्न होकर माताजी ने सभी को मंगल आशीर्वाद प्रदान किया।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष जिनेश कुमार जैन, जिला महामंत्री गौरव जैन, महिला अध्यक्ष मोनिका जैन, महिला महामंत्री श्वेता सेठी सहित समाज के वरिष्ठजन नरेश जैन मेड़ता,अक्षय जैन, सुनील जैन,निधि जैन, ऋतु जैन, गजेंद्र पाटनी, नरेंद्र निखार, मोहित सेठी एवं महासभा के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक का उद्देश्य संगठन को सशक्त बनाना, सामाजिक एवं धार्मिक गतिविधियों को गति देना तथा जनगणना के प्रति समाज में व्यापक जागरूकता उत्पन्न करना रहा।
What's Your Reaction?

