अलका बैरवा बनीं टोंक जिला प्रमुख
कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों में खुशी की लहर
निवाई। पंचायतीराज आम चुनाव 2026 के तहत बुधवार को टोंक जिला परिषद के जिला प्रमुख पद का निर्वाचन सम्पन्न हुआ। इसमें कांग्रेस प्रत्याशी अलका बैरवा ने भाजपा प्रत्याशी प्रियंका बैरवा को 21 मतों के बड़े अंतर से पराजित कर जिला प्रमुख पद पर जीत दर्ज की। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलक्टर टीना डाबी ने बताया कि जिला प्रमुख निर्वाचन में कुल 31 विधिमान्य मत डाले गए, जिनमें कांग्रेस की अलका बैरवा को 26 तथा भाजपा की प्रियंका बैरवा को 5 मत प्राप्त हुए। गौरतलब है कि अनुसूचित जाति महिला वर्ग के लिए आरक्षित टोंक जिला प्रमुख की सीट पर कांग्रेस ने जिला परिषद की 31 में से 25 सीटों पर जीत दर्ज कर भाजपा को करारा झटका दिया था। इसके साथ ही जिला प्रमुख की कुर्सी पर कांग्रेस का कब्जा तय हो गया था। हालांकि प्रत्याशी चयन को लेकर कांग्रेस में काफी राजनीतिक उठापटक देखने को मिली।
जिला प्रमुख निर्वाचन में मतदान का घटनाक्रम भी राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बना रहा। कांग्रेस के 18 जिला परिषद सदस्यों ने एक साथ मतदान किया, जबकि निवाई क्षेत्र के छह सदस्यों ने बाद में मतदान किया। इसके बावजूद अलका बैरवा को कुल 26 मत प्राप्त हुए, जो कांग्रेस के घोषित 25 सदस्यीय बहुमत से भी एक मत अधिक था। वहीं भाजपा प्रत्याशी को केवल पांच मत मिले। इस परिणाम ने कांग्रेस के खेमे में खुशी दोगुनी कर दी।
जीत पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मनाया जश्न
अलका बैरवा के जिला प्रमुख निर्वाचित होते ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। टोंक नगर परिषद सभापति मयंक अग्रवाल, शैलेन्द्र शर्मा, पूर्व विधायक कमल बैरवा, दशरथ सिंह नोहट्टा, श्रीराम चौधरी, रामराय मीना, रामगोपाल काशीपुरा, शिवपाल खंडवा, खंदेवत सरपंच मुकेश मीना, पराना सरपंच शक्ति सिंह, पवन सांवलिया, राजेश भट्ट, सुरज्ञान चौधरी, कुंभाराम जाट सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पार्षदों, सरपंचों एवं विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों ने अलका बैरवा का गुलदस्ते भेंट कर, फूलमालाएं पहनाकर एवं आतिशबाजी कर भव्य स्वागत किया और उन्हें बधाई दी। अलका बैरवा की जीत को टोंक जिले में कांग्रेस की बड़ी राजनीतिक सफलता के रूप में देखा जा रहा है। जिला परिषद में स्पष्ट बहुमत के बाद अब जिला प्रमुख की कुर्सी पर भी कांग्रेस का कब्जा हो गया है।
What's Your Reaction?

