देह ही बंधन है - आचार्य शिवमुनि
राग के कारण एक व्यक्ति दूसरे के बिना रह नहीं सकता है और द्वेष के कारण कभी एक समय ऐसा भी आता है कि उसका वह नाम लेना भी नहीं चाहता।
नासिक - परम पूज्य ध्यान योगी आचार्य सम्राट डॉ. श्री शिव मुनि जी म.सा. के मंगल आशीर्वाद से शिवाचार्य आत्म ध्यान फाउण्डेशन द्वारा नासिक ध्यान केन्द्र एवं कुप्पकलां ध्यान केन्द्र में आत्म ध्यान धर्म यज्ञ के सातवें दिन आचार्य भगवन् ने उपस्थित धर्म सभा को आत्म ध्यान का प्रयोग करवाया। श्रमण संघीय प्रमुख मंत्री श्री शिरीष मुनि जी म.सा. ने उपस्थित धर्म सभा के मध्य अपने उद्बोधन में फरमाया कि प्रत्येक व्यक्ति के मन में विचार आता है कि मैं ऐसा क्या करूं जिससे कर्म शीघ्रता से क्षय हो जाए और शीघ्र ही मोक्ष को प्राप्त करूं। इसके लिए अरिहंत परमात्मा की कृपा से ज्ञान मिल गया। आचार्य भगवन ध्यान के माध्यम से पोषण कर रहे हैं, किंतु व्यक्ति स्वयं कहां अटका हुआ है वह अपने भीतर झांके। प्रायोगिक शोध करे, बारह भावनाओं का चिंतन करें। शरीर और शरीर से जुड़े सभी सम्बन्ध पुदगल है, अशरण है। पुद्गल शरण देने वाले नहीं हैं। संसार को निस्सार समझने वाला व्यक्ति ही मोक्ष की दिशा में आगे बढ़ सकता हैं। जो अपनी आत्मा में स्थित रहता है वह भव सागर से पार हो जाता है।
उन्होंने यह भी फरमाया कि एक व्यक्ति की संयोग से सभी इच्छाओं की पूर्ति हो जाती है फिर भी वह सुख से दूर है। इसके लिए त्याग और संयम महत्त्वपूर्ण है। चक्रवर्ती की मुक्ति भी तभी होती है जब वह त्याग और संयम में आता है। व्यक्ति के भीतर एकत्व और अन्यत्व भावना से वैराग्य आता है। व्यक्ति मोह जाल में इस तरह से उलझा हुआ है, जैसे मक्खी श्लेष्म में फंस कर मर जाती है, उसी तरह मनुष्य जीवन है। व्यक्ति मोह, अज्ञान में फंसा हुआ है। जब उसे यह ज्ञान हो जाता है कि मोह श्लेष्म की भांति है तभी राग से वैराग्य में तीव्रता आती है। उन्होने आगे फरमाया कि विचारों संस्कारों, संकल्पों का पोषण नहीं करना चाहिए। यह वैराग्य की तीव्रता के लिए त्याज्य है अर्थात् जो त्यागने योग्य है उसका त्याग करना चाहिए। वह केवल परिस्थितिवश नहीं अपितु हमेशा के लिए देह से मोह का त्याग कर आत्मा में स्थित रहना है।
समाधि तंत्र के अंतर्गत उन्होंने आगे फरमाया कि देह ही बंधन है। बाहर के जाति, लिंग, वेश आदि ये सब बाह्य लिंग विन्यास है। देह के आश्रित ही उसमें उलझे हुए हैं। बाहर के वेश विन्यास को लेकर भेद है, अंदर आत्मा से कोई भेद नहीं हैं। राग के कारण एक व्यक्ति दूसरे के बिना रह नहीं सकता है और द्वेष के कारण कभी एक समय ऐसा भी आता है कि उसका वह नाम लेना भी नहीं चाहता। व्यक्ति वही है आत्मा वही है अंतर इसलिए आया कि बाहर के वेश विन्यास से मतभेद हो गया। देह ही आत्मा के लिए भव बंधन का कारण बनती है। भव निवारण के लिए पराये को पराया जानें, आसक्ति नहीं हो और उसे लेकर वाद-विवाद नहीं करना, चिंता और चिंतन नहीं करना, सभी तरह के वाद-विवाद इस देह के कारण ही होते है।
What's Your Reaction?

