जागरूकता में पुलिस के साथ आमजन की भागीदारी जरूरी : डीजी ट्रैफिक

डीजी ट्रैफिक मालिनी अग्रवाल ने एमएनआईटी की कार्यशाला में यातायात जागरूकता पर दिया जोर; एडीजी डॉ. बी.एल. मीणा ने कहा-यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने पर देना होगा विशेष ध्यान

Oct 6, 2026 - 00:57
 0  1
जागरूकता में पुलिस के साथ आमजन की भागीदारी जरूरी : डीजी ट्रैफिक

जयपुर। सड़क सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि इसमें आमजन की जागरूकता और सक्रिय भागीदारी भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। यातायात नियमों की पालना और जिम्मेदार सड़क व्यवहार से ही सुरक्षित एवं सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा सकती है। यह बात डीजी ट्रैफिक मालिनी अग्रवाल ने सोमवार को मालवीय राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एमएनआईटी), जयपुर में ट्रैफिक पुलिस के लिए आयोजित एक दिवसीय कार्यशाला के समापन सत्र में कही। उन्होंने आमजन से यातायात नियमों की पालना करने तथा यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में पुलिस का सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा के लिए नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना और उन्हें व्यवहार में लाना आवश्यक है।

यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने पर एडीजी ने दिया जोर
कार्यशाला के उद्घाटन सत्र में राजस्थान यातायात पुलिस के एडीजी डॉ. बी.एल. मीणा ने प्रदेश में यातायात व्यवस्था को और अधिक सुगम बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों की पालना के साथ आमजन को भी जागरूक होना होगा।   एमएनआईटी के अमृत सेंटर ऑफ अर्बन प्लानिंग एंड कैपेसिटी बिल्डिंग की ओर से आयोजित कार्यशाला में प्रदेश के 26 से अधिक पुलिस अधिकारी शामिल हुए। विभिन्न सत्रों में पुलिस अधिकारियों एवं विषय विशेषज्ञों ने यातायात प्रबंधन से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया।

तकनीक से लेकर दुर्घटना प्रबंधन तक कई विषयों पर मंथन
कार्यशाला में यातायात प्रबंधन एवं विनियमन, इंटरसेक्शन एवं कॉरिडोर मैनेजमेंट, ट्रैफिक कंट्रोल डिवाइस, यातायात की गति कम करने के उपाय, पैदल यात्रियों एवं अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा और अतिक्रमण प्रबंधन जैसे विषयों पर चर्चा हुई।
    इसके अलावा सड़क सुरक्षा प्रबंधन एवं ऑडिट, इवेंट एवं आपातकालीन यातायात प्रबंधन, यातायात नियमों में संशोधन, तकनीक आधारित प्रवर्तन, दुर्घटना प्रबंधन, आपातकालीन देखभाल एवं त्वरित प्रतिक्रिया पर भी विशेषज्ञों ने अपने विचार रखे।  कार्यशाला में ट्रैफिक डेटा का विश्लेषण, सिमुलेशन एवं केस आधारित प्रशिक्षण, यातायात शिक्षा एवं जागरूकता तथा व्यावसायिक सुरक्षा एवं तनाव प्रबंधन जैसे विषय भी शामिल रहे। एमएनआईटी के अमृत सेंटर के टीम लीडर प्रो. नंद कुमार ने कार्यशाला की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए आभार व्यक्त किया।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

SJK News Chief Editor (SJK News)