पारंपरिक ज्ञान को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पहचान मिलेगी : दिया कुमारी
लोकमंथन 2026 के पंचम राष्ट्रीय संस्करण का 4 से 6 दिसंबर तक जयपुर में होगा आयोजन
जयपुर। जयपुर के 299वें स्थापना दिवस के अवसर पर जवाहर कला केंद्र में लोकमंथन 2026 के पंचम राष्ट्रीय संस्करण की औपचारिक घोषणा की गई। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री एवं कला-संस्कृति मंत्री दिया कुमारी ने कहा कि लोकमंथन की मेजबानी राजस्थान के लिए गौरव का विषय है। इस आयोजन के माध्यम से प्रदेश की समृद्ध लोक संस्कृति, परंपराओं, लोक कलाओं, भाषाओं और पारंपरिक ज्ञान को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पहचान मिलेगी। दिया कुमारी ने कहा कि ‘हम भारत के लोग’ थीम पर आधारित लोकमंथन का उद्देश्य नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ना और भारतीय विरासत का संरक्षण एवं संवर्धन करना है। उन्होंने कहा कि हमारी नई पीढ़ी पश्चिमी प्रभाव और औपनिवेशिक मानसिकता से प्रभावित रही है। अब नई शिक्षा नीति और राज्य सरकार के प्रयासों से भारतीय संस्कृति, इतिहास और लोक परंपराओं को उचित स्थान मिल रहा है।
उन्होंने बताया कि लोकमंथन के संदेश को गांव-ढाणियों तक पहुंचाने के लिए राजस्थान में तीन चरणों में लोक दर्शन यात्रा आयोजित की गई। इस यात्रा ने करीब 8 हजार किलोमीटर का सफर तय कर प्रदेश के सभी 41 जिलों और सैकड़ों गांवों को जोड़ा। यात्रा के दौरान लोकगीत, लोकनृत्य, हस्तशिल्प प्रदर्शनी, महिला सम्मेलन, युवा संवाद और ग्राम दर्शन जैसे कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनसे ग्रामीण प्रतिभाओं और स्थानीय कलाकारों को मंच मिला। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि लोकमंथन में केवल भाषण नहीं होंगे, बल्कि संवादात्मक सत्र आयोजित किए जाएंगे, जहां युवा और महिलाएं खुलकर अपने विचार रख सकेंगे। उन्होंने कहा कि ‘लोक से लोक चेतना, लोक चेतना से लोक शक्ति और लोक शक्ति से राष्ट्र शक्ति’ के मंत्र को साकार करना हम सभी की जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर प्रज्ञा प्रवाह के अखिल भारतीय संयोजक एवं लोकमंथन स्वागत समिति के महासचिव जे. नंदकुमार ने कहा कि लोकमंथन केवल आयोजन नहीं, बल्कि भारतीय ज्ञान परंपरा और लोक जीवन को सम्मान दिलाने का राष्ट्रीय आंदोलन है। लोकमंथन का आयोजन 4 से 6 दिसंबर 2026 तक जवाहर कला केंद्र, जयपुर में होगा। इसमें उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन मुख्य अतिथि होंगे। आयोजन में देश-विदेश के प्रतिनिधि, लोक कलाकार, पारंपरिक ज्ञान के विशेषज्ञ और युवा भाग लेंगे। छह प्रमुख क्षेत्रों में 24 समानांतर सत्रों के माध्यम से भारतीय समाज, विज्ञान, कला, मौखिक परंपराओं, खेल और जयपुर की 300 वर्ष पुरानी विरासत पर विमर्श होगा।
What's Your Reaction?

