शासन सचिव ने किया राजस्थान संपर्क हेल्पलाइन-181 का निरीक्षण

पर्यटन, देवस्थान एवं पुरातत्व विभाग से संबंधित परिवेदनाओं के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के दिए निर्देश हर शिकायत को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निर्धारित समयावधि में करें निस्तारित—शासन सचिव

Nov 16, 2026 - 18:50
 0  4
शासन सचिव ने किया राजस्थान संपर्क हेल्पलाइन-181 का निरीक्षण

जयपुर । शासन सचिव, पर्यटन विभाग शुचि त्यागी ने सोमवार को राजस्थान संपर्क हेल्पलाइन-181 कॉल सेंटर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पर्यटन, देवस्थान तथा कला, साहित्य, संस्कृति एवं पुरातत्व विभाग से संबंधित दर्ज परिवेदनाओं एवं उनके निस्तारण की वास्तविक स्थिति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को आमजन की शिकायतों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कॉल सेंटर की कार्यप्रणाली का लिया जायजा

श्रीमती त्यागी ने कॉल सेंटर की कार्यप्रणाली का अवलोकन कर आमजन द्वारा दर्ज करवाई गई परिवेदनाओं की वस्तुस्थिति की जानकारी ली। उन्होंने कुछ प्रकरणों का स्वयं संज्ञान लेते हुए संबंधित परिवादियों से दूरभाष पर संवाद किया तथा उनकी समस्याओं के संबंध में बिंदुवार जानकारी प्राप्त की। इस दौरान मचकुंड मंदिर की मरम्मत से जुड़े प्रकरण, वरिष्ठ नागरिक तीर्थयात्रा योजना के आवेदनों तथा पर्यटन विभाग के ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन पोर्टल से संबंधित शिकायतों की गहन समीक्षा की गई।

शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सर्वोच्च प्राथमिकता

शासन सचिव ने कहा कि राज्य सरकार आमजन की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निराकरण के लिए संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है। ऐसे में संपर्क पोर्टल पर प्राप्त प्रत्येक शिकायत को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निर्धारित समयावधि में निस्तारित किया जाए। उन्होंने कहा कि परिवेदनाओं का निस्तारण केवल औपचारिकता तक सीमित नहीं रहे, बल्कि शिकायतकर्ता की समस्या का वास्तविक समाधान सुनिश्चित करते हुए उसकी संतुष्टि का भी विशेष ध्यान रखा जाए।

फॉलो-अप एवं मॉनिटरिंग तंत्र को और अधिक सुदृढ़ करने के निर्देश

श्रीमती त्यागी ने विभागीय अधिकारियों को शिकायतों के प्रभावी फॉलो-अप एवं नियमित मॉनिटरिंग के लिए तंत्र को और अधिक सशक्त बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने विभिन्न जिलों से प्राप्त प्रकरणों के औसत निस्तारण समय (एवरेज डिस्पोजल टाइम) तथा परिवादियों के संतुष्टि प्रतिशत की समीक्षा करते हुए आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

उन्होंने हेल्पलाइन पर कार्यरत कार्मिकों को आमजन की समस्याओं के प्रति संवेदनशील एवं तत्पर रहने तथा प्रत्येक परिवादी को उचित मार्गदर्शन एवं सहयोग प्रदान करने के लिए प्रोत्साहित किया।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

SJK News Chief Editor (SJK News)