प्रथम चरण के मतदान के लिए भवानी निकेतन से मतदान दल रवाना

18 नगरीय निकायों के 565 बूथों के लिए मतदान दलों की रवानगी

Sep 9, 2026 - 00:29
 0  3
प्रथम चरण के मतदान के लिए भवानी निकेतन से मतदान दल रवाना

जयपुर । नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के तहत प्रथम चरण में 9 सितम्बर 2026 को प्रातः 7ः00 से सांय 6ः00 बजे तक होने वाले मतदान के लिए मंगलवार को मतदान दलों की रवानगी की गई। प्रथम चरण में जयपुर जिले की  नगर परिषद् एवं नगरपालिकाओं के लिए नियुक्त मतदान दलों को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार श्री भवानी निकेतन कॉलेज ऑफ फार्मेसी, सीकर रोड, जयपुर से उनके संबंधित मतदान केन्द्रों के लिए रवाना किया गया। रवानगी स्थल पर मतदान दलों को आवश्यक निर्वाचन सामग्री उपलब्ध कराने, प्रशिक्षण तथा वाहनों की व्यवस्था की गई थी।
जिला निर्वाचन अधिकारी (म्यूनिसिपल) संदेश नायक ने सभी मतदान कार्मिकों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान कराना हम सब कि नैतिक जिम्मेदारी है। राज्य निर्वाचन आयोग ने नगर निकायों के चुनावों का जो दायित्व हमें प्रदान किया है उसे हमें निर्भीक एवं निष्पक्षता के साथ सुचारू रूप से संपन्न कराना है। उन्होंने कहा कि सभी पीठासीन अधिकारी अपने मतदान केंद्र पर पहुंचकर तत्काल मतदान हेतु प्रस्तावित भवन का सुक्ष्मता से निरीक्षण कर मॉडल मतदान केंद्र के ले-आउट के अनुसार मतदान केंद्र की स्थापना करें।
उन्होंने सभी मतदान कार्मिकों को निर्देशित किया कि बैलेट युनिट एक मेज पर वोटिंग कंपार्टमेंट में रखें, वोटिंग कंपार्टमेंट व कंट्रोल रूम में पर्याप्त दूरी हो, कंट्रोल युनिट से बैलेट युनिट को जोड़ने वाली केबल मतदान के सुचारू संचालन में बाधा न बने, यह सुनिश्चित् किया जाए कि कोई मतदाता मतदान कक्ष में केबल के साथ छेड़छाड़ करने का प्रयत्न ना करे, वोटिंग मशीन मतदान केंद्र की खिड़की या दरवाजे के समीप न हो, मतदाताओं के लिए मतदान कक्ष में प्रवेश व निकास की पृथक व्यवस्था सुनिश्चित् की जाए।
उन्होंने बताया कि प्रथम चरण के मतदान के लिए नगर परिषद शाहपुरा एवं चौमूं तथा 16 नगरपालिकाओं के मतदान दलों की रवानगी की गई। इनमें मनोहरपुर, फुलेरा, सांभर, जोबनेर, खेजरोली, जमवारामगढ़, नारायणा, किशनगढ़-रेनवाल, बगरू, कालाडेरा, दूदू, चाकसू, फागी, वाटिका, कानोता एवं बस्सी शामिल हैं। संबंधित मतदान दलों को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अलग-अलग पारियों में बुलाकर निर्वाचन सामग्री उपलब्ध कराई गई तथा इसके बाद उन्हें अपने-अपने मतदान केन्द्रों के लिए रवाना किया गया। इस दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी मेघराज मीणा, अतिरिक्त जिला कलक्टर प्रथम राजीव द्विवेदी,  अतिरिक्त जिला कलक्टर द्वितीय युगांतर शर्मा, अतिरिक्त जिला कलक्टर तृतीय देवयानी, अतिरिक्त जिला कलक्टर चतुर्थ आशीष कुमार सहित मतदान दल से संबंधित अन्य अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित  थे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

SJK News Chief Editor (SJK News)