अपेक्स यूनिवर्सिटी के दो दिवसीय ओरिएंटेशन कार्यक्रम का समापन

कॉन्फिडेंस, क्लैरिटी और कंसिस्टेंसी से मिलेगी सफलता : शुभांकर मिश्रा

Aug 19, 2026 - 21:40
 0  5
अपेक्स यूनिवर्सिटी  के दो दिवसीय ओरिएंटेशन कार्यक्रम  का समापन
अपेक्स यूनिवर्सिटी  के दो दिवसीय ओरिएंटेशन कार्यक्रम  का समापन

जयपुर। जुनून को पहचानिए, उसे अपनी ताकत बनाइए और लगातार सीखते रहिए। सफलता के लिए कॉन्फिडेंस, क्लैरिटी और कंसिस्टेंसी बेहद जरूरी है। यह बात पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया की दुनिया में अपनी प्रभावशाली पहचान बनाने वाले शुभांकर मिश्रा ने बुधवार को अपेक्स  यूनिवर्सिटी के दो दिवसीय ओरिएंटेशन कार्यक्रम के दूसरे दिन नवप्रवेशित विद्यार्थियों से संवाद के दौरान कही। उन्होंने विद्यार्थियों को बदलते दौर के साथ खुद को तैयार करने और अपने लक्ष्य पर लगातार काम करने के लिए प्रेरित किया।
शुभांकर मिश्रा ने कहा कि एआई अब भविष्य की नहीं, वर्तमान की जरूरत है। आने वाले समय में तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की भूमिका हर क्षेत्र में बढ़ेगी। ऐसे में विद्यार्थियों को अपने विषय के साथ नई तकनीकों की जानकारी भी हासिल करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कॉलेज जीवन केवल डिग्री हासिल करने का समय नहीं है, बल्कि अपनी क्षमताओं को पहचानने, नए कौशल सीखने और भविष्य की नींव मजबूत करने का अवसर है।
उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित रूप से कक्षाओं में उपस्थित रहने तथा शिक्षकों और वरिष्ठ विद्यार्थियों के साथ संवाद बनाए रखने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धी दौर में केवल प्रतिभा होना पर्याप्त नहीं है। अपनी प्रतिभा और उपलब्धियों को सही तरीके से प्रस्तुत करना भी सफलता का महत्वपूर्ण हिस्सा है। विद्यार्थियों को किसी एक क्षेत्र में विशेषज्ञता हासिल करने के साथ अपने कम्युनिकेशन और प्रेजेंटेशन स्किल्स को भी मजबूत करना चाहिए।

इंडस्ट्री की जरूरतों से रूबरू हुए विद्यार्थी

ओरिएंटेशन कार्यक्रम के दौरान ‘ब्रिजिंग द गैप बिटवीन कैंपस एंड कॉरपोरेट’ विषय पर पैनल डिस्कशन आयोजित किया गया। इसमें उद्योग जगत के विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए कॉरपोरेट क्षेत्र की बदलती जरूरतों, रोजगार के नए अवसरों और इंडस्ट्री की अपेक्षाओं पर चर्चा की। विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ इंडस्ट्री-रेडी स्किल्स विकसित करने पर जोर दिया।
इसके बाद अपेक्स यूनिवर्सिटी के पूर्व विद्यार्थियों के साथ अलुमनी पैनल डिस्कशन हुआ। पूर्व विद्यार्थियों ने अपने कॉलेज और करियर के अनुभव साझा करते हुए नवप्रवेशित विद्यार्थियों को आगे बढ़ने के लिए उपयोगी सुझाव दिए।
गेम्स, डांस और बैंड ने बढ़ाया उत्साह

ओरिएंटेशन के दूसरे दिन विद्यार्थियों के लिए आइस-ब्रेकिंग गेम्स, डांस परफॉर्मेंस, सोलो डांस, सांस्कृतिक कार्यक्रम और बैंड प्रस्तुति सहित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। नवप्रवेशित विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में शुभांकर मिश्रा सहित आमंत्रित अतिथियों का सम्मान अपेक्स विश्वविद्यालय के डायरेक्टर वेदांशु जूनिवाल ने किया। इसके बाद क्रिएट टीम का परिचय, समापन संबोधन और धन्यवाद ज्ञापन हुआ। बैंड प्रस्तुति के साथ ओरिएंटेशन कार्यक्रम के दूसरे दिन का समापन हुआ।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

SJK News Chief Editor (SJK News)