राजस्थान पुलिस की नशे के विरूद्ध विशेष रणनीति

हर बुधवार होगी एंटी नारकोटिक कार्रवाइयों की समीक्षा, डीजीपी के स्पष्ट निर्देश — नशे के नेटवर्क पर करें कार्रवाई

Aug 19, 2026 - 23:55
 0  2
राजस्थान पुलिस की नशे के विरूद्ध विशेष रणनीति

जयपुर। राजस्थान पुलिस द्वारा नशे के विरूद्ध विशेष रणनीति तैयार कर अब नशे के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई की हर सप्ताह समीक्षा करने का निर्णय लिया है। पुलिस महानिदेशक श्री राजीव कुमार शर्मा के निर्देशानुसार पुलिस मुख्यालय में प्रत्येक बुधवार नशे के विरुद्ध राज्य स्तर के अभियानों एवं कार्रवाइयों की विशेष समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी।

बुधवार, 19 अगस्त को पुलिस महानिदेशक राजस्थान  राजीव शर्मा की अध्यक्षता में ऐसी प्रथम साप्ताहिक समीक्षा बैठक में पुलिस अधिकारियों को नशे के नेटवर्क तथा इसमें शामिल अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।

इस मौके पर डीजीपी  शर्मा ने कहा कि नशे और नशे के कारोबार में लिप्त अपराधियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस नशे की तस्करी के स्रोत, सप्लाई नेटवर्क और इससे जुड़े लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करे।

सात माहों में हुई सर्वाधिक कार्रवाइयां—

डीजीपी  शर्मा ने कहा कि गत वर्ष की तुलना में वर्ष 2026 के शुरुआती सात माह में ही अधिक एंटी नारकोटिक कार्रवाइयां की गई हैं। उन्होंने निर्देश दिए कि कार्रवाई को सिर्फ नशे की बरामदगी और गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रखा जाए बल्कि पूरे नेटवर्क को चिह्नित कर उसके खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जाए।

आधारभूत ढांचा होगा और अधिक मजबूत—

 शर्मा ने बताया कि प्रदेश में एंटी नारकोटिक गतिविधियों को और गति देने के लिए आधारभूत ढांचे को और अधिक मजबूत किया जा रहा है। इससे नशे के खिलाफ अभियान को बेहतर समन्वय, मजबूत सूचना तंत्र और प्रभावी निगरानी के साथ आगे बढ़ाया जा सकेगा।

उन्होंने जिलों में नशे के हॉटस्पॉट चिह्नित कर नियमित निगरानी रखने तथा नशे की तस्करी से जुड़े अपराधियों और उनके सहयोगियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए पुलिस की जागरूकता गतिविधियों को भी लगातार बढ़ाया जाए।

बैठक में 19 से 31 अगस्त तक सभी जिलों के स्कूल एवं कॉलेजों में विशेष जागरूकता अभियान के दिशा निर्देश जारी किए ।

विभागों के समन्वय से बनेगी मजबूत रणनीति—

पुलिस महानिदेशक ने पुलिस अधिकारियों को संबंधित सभी विभागों के समन्वय से नशे की रोकथाम के लिए सुदृढ़ कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि अब हर बुधवार होने वाली बैठक में जिलों की कार्रवाई, प्रकरणों की प्रगति, गिरफ्तारियां, जब्ती तथा नशे के नेटवर्क के खिलाफ की गई कार्रवाइयों की विस्तृत समीक्षा की जाएगी।

बैठक में महानिरीक्षक पुलिस (अपराध शाखा)  शरत कविराज, उप महानिरीक्षक पुलिस (कार्मिक एवं प्रमुख स्टाफ ऑफिसर)  कुंवर राष्ट्रदीप, उप महानिरीक्षक पुलिस (एएनटीएफ)  अभिजीत सिंह, पुलिस अधीक्षक (एएनटीएफ)  अमित जैन सहित अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

SJK News Chief Editor (SJK News)