किरोड़ी बाबा को मेरी उम्र लग जाए..." लिखने वाले प्रशंसक के घर पहुंचे मंत्री

हरमाड़ा डंपर हादसे में जान गंवाने वाले राजधिराजपुरा के युवकों के परिजनों को कृषि मंत्री ने बंधाया ढांढस, 10 लाख का आर्थिक संबल दिया

Jan 10, 2026 - 20:04
 0  5
किरोड़ी बाबा को मेरी उम्र लग जाए..." लिखने वाले प्रशंसक के घर पहुंचे मंत्री

निवाई। महज कुछ शब्दों में अपनी जिंदगी की दुआ किसी और के नाम कर देने वाला वो प्रशंसक अब इस दुनिया में नहीं है, लेकिन उसकी दुआ कुबूल करने खुद 'बाबा' उसके घर पहुंचे। मामला निवाई के राजधिराजपुरा गांव का है, जहां शनिवार को कृषि मंत्री किरोड़ीलाल मीणा ने हरमाड़ा डंपर हादसे के मृतकों के परिजनों से मुलाकात की।

​बीते नवंबर माह में हरमाड़ा क्षेत्र में हुए एक दर्दनाक डंपर हादसे में निवाई के गांव राजधिराजपुरा निवासी सुरेश मीणा और मुरलीधर उर्फ महेश मीणा की असामयिक मौत हो गई थी। शनिवार को कृषि मंत्री किरोड़ीलाल मीणा शोकाकुल परिवारों के बीच पहुंचे और उन्हें सांत्वना दी।

10 लाख रुपये का आर्थिक संबल

मंत्री मीणा ने दोनों दिवंगतों के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने पीड़ित परिवारों की आर्थिक स्थिति को देखते हुए 10 लाख रुपये की तत्काल सहायता राशि प्रदान की। उन्होंने कहा कि यह राशि इस अपार दुःख को कम तो नहीं कर सकती, लेकिन इस कठिन समय में परिवार को आर्थिक चुनौतियों से लडने में संबल जरूर प्रदान करेगी।

अंतिम पोस्ट पढ़कर सबकी आंखें हुई नम

हादसे से जुड़ा एक भावुक पहलू यह है कि मृतक महेश मीणा ने अपनी मौत से कुछ घंटे पहले ही फेसबुक पर मंत्री किरोड़ीलाल मीणा के लिए एक पोस्ट लिखी थी। महेश ने लिखा था: "किरोड़ी लाल मीणा जी को हमारी उम्र लग जाए।"

इस पोस्ट के कुछ ही घंटों बाद काल बनकर आए डंपर ने उनकी जान ले ली। यह संयोग पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है और हर किसी की आंखें नम कर रहा है।

सड़क हादसों पर जताई चिंता

किरोड़ीलाल मीणा ने कहा कि यह हादसा केवल दो परिवारों का नहीं, बल्कि पूरे समाज की क्षति है। उन्होंने भारी वाहनों की अनियंत्रित आवाजाही और बढ़ते सड़क हादसों पर गहरी चिंता जताई और कहा कि ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की आवश्यकता है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

SJK News Chief Editor (SJK News)