एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स का राज्यव्यापी महा-ऑपरेशन

7 जिलों में बैक-टू-बैक 7 बड़ी कार्रवाइयां, 8 ड्रग तस्कर गिरफ्तार श्रीगंगानगर, पाली, उदयपुर, डीग, बाड़मेर, हनुमानगढ़ और बीकानेर में एएनटीएफ का ताबड़तोड़ एक्शन; भारी मात्रा में डोडा पोस्त, हेरोइन, गांजा और एमडी बरामद, चार वाहन भी किए जब्त

Jul 11, 2026 - 20:04
 0  3
एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स का राज्यव्यापी महा-ऑपरेशन
एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स का राज्यव्यापी महा-ऑपरेशन

जयपुर । राजस्थान को नशामुक्त बनाने के संकल्प के साथ एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने प्रदेश के सात अलग-अलग जिलों में एक साथ बड़े ऑपरेशनों को अंजाम देकर नशे के सौदागरों की कमर तोड़ दी है। महानिदेशक पुलिस राजीव कुमार शर्मा एवं अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस दिनेश एमएन के महत्वपूर्ण मार्गदर्शन और दिशा-निर्देशन में एएनटीएफ की विभिन्न टीमों ने स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर 08 शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है, जबकि तस्करी में प्रयुक्त 4 वाहन (एक कार और तीन मोटरसाइकिलें) जब्त किए हैं।
     एएनटीएफ महानिरीक्षक पुलिस विकास कुमार ने बताया कि इस व्यापक अभियान के तहत प्रदेश भर से भारी मात्रा में डोडा पोस्त, हेरोइन (चिट्टा), गांजा और सिंथेटिक ड्रग एमडी की खेप बरामद की गई है।
एएनटीएफ की सातों कार्रवाइयों का सिलसिलेवार विवरण:
1. श्रीगंगानगर (सूरतगढ़ सदर): झाड़ियों में छिपा पंजाब का हेरोइन सप्लायर दबोचा
एएनटीएफ की खुफिया टीम को इनपुट मिला था कि एनएच-62 से लालपुरा ओडान जाने वाली लिंक रोड पर एक संदिग्ध व्यक्ति पैदल घूम रहा है। स्थानीय सूरतगढ़ सदर थाना पुलिस के साथ संयुक्त घेराबंदी की गई। पुलिस को देखकर आरोपी राजसिंह (28) पुत्र गुरमीत राय सिख निवासी जलालाबाद जिला फाजिल्का (पंजाब) झाड़ियों में छिप गया, जिसे तकनीकी कुशलता से डिटेन किया गया। तलाशी में उसके पास से 40 ग्राम अवैध हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुई।
2. पाली (सदर पाली): तेज रफ्तार कार का पीछा कर पकड़ा 45 किलो डोडा पोस्त
खैरवा इलाके में संदिग्ध वाहनों की निगरानी के दौरान धामली गांव की तरफ से आ रही एक कार को एएनटीएफ ने रोकने का प्रयास किया। चालक ने कार को घुमाकर तेज गति से आईचिया गांव की तरफ भगाया। पुलिस टीम ने फिल्मी अंदाज में पीछा कर आईचिया गांव में कार को रुकवाया और सदर पाली थाना पुलिस को मौके पर बुलाया। कार की तलाशी लेने पर उसमें से 45.700 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद हुआ। कार को जब्त कर लिया गया। गिरफ्तार तस्कर सुभाष सियाक (24) पुत्र ओमाराम सियाक विश्नोई निवासी लूणी जिला जोधपुर है।
3. उदयपुर (मंडावा): पीले कट्टे में गांजा लेकर खड़े दो तस्कर ढेर
टीम को पुख्ता सूचना मिली थी कि दो युवक दो बाइकों पर मादक पदार्थ लेकर टिलरवा तिराहे से आगे सामोली रोड पर खड़े हैं। मंडावा थाना पुलिस के साथ की गई संयुक्त कार्रवाई के दौरान पुलिस ने हुलिए के आधार पर घेराबंदी कर दोनों युवकों प्रकाश (24) पुत्र चुन्नीलाल लोहार निवासी हमीरगढ़ जिला भीलवाड़ा और विरेन्द्र सिंह (22) पुत्र तेजसिंह राजपूत निवासी हिरण मगरी, जिला उदयपुर को डिटेन किया। उनके पास मिले पीले रंग के प्लास्टिक के कट्टे की तलाशी लेने पर 8.300 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने दोनों मोटरसाइकिलें भी जब्त कर ली हैं।
4. डीग (कुम्हेर): सप्लाई देने जा रहा 50 वर्षीय तस्कर बॉर्डर पर गिरफ्तार
एएनटीएफ टीम को गुप्त सूचना मिली कि बोरई के पास रोड पर एक बाइक सवार व्यक्ति गांजे की बड़ी खेप लेकर कहीं सप्लाई करने की फिराक में है। कुम्हेर थाना पुलिस के सहयोग से बोरई रोड पर नाकाबंदी कर बाइक सवार राजवीर सिंह उर्फ राजू (50) पुत्र हरिसिंह गुर्जर निवासी अटलबंध जिला भरतपुर को घेराबंदी कर पकड़ा गया। तलाशी के दौरान उसके पास से 02.015 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद कर मोटरसाइकिल जब्त की गई।
5. बाड़मेर (सदर बाड़मेर): खेत में बोरडी के पौधों के बीच छुपा डोडा पोस्त जब्त
एएनटीएफ को पुख्ता सूचना मिली कि गालाबेरी गांव में दुर्गाराम नामक व्यक्ति ने अपने खेत में मादक पदार्थ छुपा रखा है। सदर बाड़मेर थाना पुलिस के साथ खेत पर दबिश दी गई। चारदीवारी के समीप बोरडी (बेर) के पौधों के बीच छुपाकर रखा गया एक सफेद चौकड़ी लाइनदार कट्टा बरामद हुआ, जिसे खोलने पर 5.500 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद हुआ। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में प्रकरण दर्ज कर तलाश शुरू कर दी गई है।
6. हनुमानगढ़ (संगरिया): अंधेरे का फायदा उठाकर भाग रहा पेडलर गिरफ्तार
सूचना मिली कि रमेश कुमार (37) पुत्र हनुमान प्रसाद नायक निवासी सांगरिया जिला हनुमानगढ 36 हेड से संगरिया की तरफ पैदल आ रहा है। संगरिया थाना पुलिस ने 36 हेड बाईपास तिराहे पर संयुक्त नाकाबंदी की। पुलिस को देखकर आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर झाड़ियों की तरफ भागने लगा, जिसे घेराबंदी कर दबोचा गया। तलाशी में उसके पास से 6.27 ग्राम अवैध हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुई।
7. बीकानेर (जयनारायण व्यास कॉलोनी): शोरूम के पास एमडी (MD) बेचते दो गिरफ्तार
जोधपुर-गंगानगर बाईपास पर नापासर चौराहे से टोयोटा शोरूम के बीच दो युवकों के संदिग्ध अवस्था में घूमने की सूचना पर जयनारायण व्यास कॉलोनी थाना पुलिस के साथ त्वरित कार्रवाई की गई। दोनों युवकों अशोक कुमार (43) पुत्र मोहन राम जाट निवासी नापासर जिला बीकानेर और सुरेन्द्र (19) पुत्र रामचन्द्र जाट निवासी नोखा हाल देशनोक जिला बीकानेर को डिटेन कर जब तलाशी ली गई, तो उनके पास से दो थैलियों में कुल 9.54 ग्राम अवैध सिंथेटिक मादक पदार्थ एमडी बरामद हुआ।
जनसहयोग की अपील
 विकास कुमार ने आमजन से अपील की कि मादक पदार्थों की तस्करी से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना एएनटीएफ कंट्रोल रूम 0141-2502877 अथवा व्हाट्सएप नंबर 9261225056 पर दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि नशामुक्त राजस्थान के संकल्प को साकार करने के लिए पुलिस की यह मुहिम आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगी।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

SJK News Chief Editor (SJK News)