बाबा श्याम के दरबार में उमड़ा आस्था का सैलाब
श्रद्धालु अपने मन्नतों के केसरिया निशान लेकर भक्ति भाव से बाबा के जयकारे लगाते हुए दर्शन मार्ग पर आगे बढ़ते नजर आए
खाटूधाम जी : प्रसिद्ध धार्मिक स्थल खाटूधाम में रविवार को आस्था का जनसैलाब उमड़ा । रविवार होने के चलते अल सुबह से ही रींगस से लेकर खाटूधाम तक बाबा श्याम के भक्तों की लंबी कतारें देखने को मिलीं।श्रद्धालु अपने मन्नतों के केसरिया निशान लेकर भक्ति भाव से बाबा के जयकारे लगाते हुए दर्शन मार्ग पर आगे बढ़ते नजर आए।मुख्य मेला ग्राउंड की 14 लाइनों मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में भीष्म गर्मी के बावजूद भी भक्तों की भारी भीड़ रही।कतारबद्ध होकर श्रद्धालु बाबा श्याम की चौखट तक पहुंचकर शीश नवाकर परिवार की सुख-समृद्धि और व्यापार की खुशहाली की मंगलकामना की।बाबा श्याम का आकर्षक फूलों से मनमोहक श्रृंगार किया गया जिसने श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया।
भीषण गर्मी को देखते हुए श्री श्याम मंदिर कमेटी द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गईं। मंदिर परिसर में ठंडे पानी, छाया, पंखों और बड़े कूलरों की पर्याप्त व्यवस्थाएं की गई। वहीं सुरक्षा एवं दर्शन व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए पुलिस जाब्ता,आरएसी जवान, होमगार्ड्स एवं सुरक्षा गार्ड्स तैनात किए गए।डीवाईएसपी राव आनंद कुमार एवं थानाधिकारी पवन कुमार चौबे के नेतृत्व में पुलिस जाब्ता मुस्तैद रहा जिससे श्रद्धालुओं को दर्शन के दौरान किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ा। वहीं यातायात पुलिस ने वाहनों की आवाजाही को कंट्रोल किया गया।
What's Your Reaction?

