ग्राम रथों से आमजन को मिली योजनाओं की जानकारी
ग्राम विकास चौपाल से राज्य सरकार पहुंची आमजन के द्वार किसान, महिला और युवाओं तक पहुंचाया योजनाओं का लाभ
जयपुर । मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी किसान, मजदूर, युवा और महिला उत्थान के लिए कृत संकल्पित हैं। हमारी सरकार ने प्राथमिकता से प्रदेश के विकास का रोडमैप बनाकर पानी, बिजली व रोजगार पर कार्य किया है। उन्होंने कहा कि 27 अप्रेल को ग्राम रथ अभियान प्रारंभ कर 183 विधानसभा क्षेत्रों में इन रथों के माध्यम से जन कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाई गई है।
मुख्यमंत्री ने शनिवार को बगरू के ठिकरिया गांव से वीसी के जरिए प्रदेशभर में आयोजित ग्राम रथ समापन समारोह को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में किसानों एवं आमजन की जल आवश्यकता की पूर्ति के लिए राम जल सेतु लिंक परियोजना, यमुना जल समझौता सहित विभिन्न महत्वपूर्ण जल परियोजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए प्रतिबद्धता से कार्य किया जा रहा है। वहीं, गत दो वर्षों में मानसून की अच्छी वर्षा से प्रदेश के बांधों में पानी की अच्छी आवक भी हुई है।
उन्होंने कहा कि ऊर्जा क्षेत्र में भी आत्मनिर्भरता बढ़ रही है। इसी क्रम में बिजली उत्पादन में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। वहीं, 26 जिलों के किसानों को दिन में बिजली दी जा रही है। वर्ष 2027 तक प्रदेश के सभी जिलों में किसानों को दिन में बिजली उपलब्ध करवाई जाएगी। उन्होंने कहा कि किसान पीएम कुसुम योजना का लाभ लेकर अन्नदाता के साथ ही ऊर्जादाता भी बनें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राइजिंग राजस्थान के एमओयू धरातल पर उतर रहे हैं, जिससे निजी क्षेत्र में 3 लाख युवाओं को रोजगार मिला है। हमारी सरकार 4 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देने के वादे को भी पूरा कर रही है। उन्होंने कहा कि गत सरकार में पेपर लीक से युवाओं के सपने टूटे, लेकिन हमारी सरकार में एक भी पेपर लीक नहीं हुआ। युवाओं को स्वरोजगार के लिए ऋण भी उपलब्ध करवाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि किसान को सशक्त बनाने के लिए डबल इंजन की सरकार विभिन्न योजनाएं चला रही है। प्रदेश में स्थानीय उपज को बढ़ावा देने के लिए प्रोसेसिंग यूनिट्स की स्थापना के लिए एमओयू किए गए हैं। वहीं, कल्याणकारी योजनाओं से महिला सशक्तीकरण को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बिजली, पानी, शिक्षा, चिकित्सा, सड़क सहित मूलभूत सुविधाओं के लिए प्रदेश में मुख्यमंत्री विकसित ग्राम-वार्ड अभियान चलाकर विकास का रोडमैप बनाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान दुग्ध उत्पादन में अग्रणी राज्य है। साथ ही, राज्य सरकार डेयरी क्षेत्र में दुग्ध संकलन केन्द्रों की क्षमता के साथ ही संख्या में भी वृद्धि कर रही है। हमारी सरकार ने सहकारिता क्षेत्र में नवीन पैक्स खोले हैं। उन्होंने कहा कि किसान डीएपी एवं यूरिया का उपयोग कम करें तथा आधुनिक एवं जैविक खेती को अपनाएं। फलदार वृक्ष लगाकर अतिरिक्त आमदनी का सृजन करने के साथ ही पर्यावरण संरक्षण में भी योगदान दें।
उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय के सपने को डबल इंजन की सरकार पूरा कर रही है। विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जरूरतमंदों को लाभान्वित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने ढाई वर्षों में विभिन्न क्षेत्रों में गत सरकार की तुलना में अधिक कार्य किए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीण महिलाएं राजीविका से जुड़कर आर्थिक रूप से सक्षम बनें। राज्य सरकार पशुपालकों के लिए मोबाइल वेटरनरी वैन का संचालन कर रही है। मुख्यमंत्री दुग्ध उत्पादक संबल योजना के तहत 5 रुपये प्रति लीटर का अनुदान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ग्राम विकास चौपाल निरंतर जारी रहेंगी। वहीं, विकसित राजस्थान के संकल्प को साकार करने में आमजन अपनी सक्रिय सहभागिता निभाएं।
What's Your Reaction?

