एसआईआर पर न्यायालय ने लगाई मोहर, विपक्ष पूर्णतया पराजित: मदन राठौड़

प्रधानमंत्री मोदी ने “वसुधैव कुटुंबकम” और “सर्वे भवन्तु सुखिनः” की भावना के साथ विश्व को शांति और सहयोग का दिया संदेश:

May 28, 2026 - 11:39
 0  3
एसआईआर पर न्यायालय ने लगाई मोहर, विपक्ष पूर्णतया पराजित: मदन राठौड़

जयपुर । भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी  के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष सेवा, सुशासन, विकास और आत्मनिर्भर भारत के स्वर्णिम काल के रूप में देश के इतिहास में दर्ज हुए हैं। इन 12 वर्षों में देश ने हर क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति की है और भारत आज विश्व मंच पर एक सशक्त एवं आत्मविश्वासी राष्ट्र के रूप में स्थापित हुआ है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के उन हजारों गांवों तक बिजली पहुंचाने का काम हुआ जहां आजादी के दशकों बाद भी बिजली नहीं थी। देश की ब्रॉडगेज रेलवे लाइनों का विद्युतीकरण हुआ और भारत ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बना। भारत ने तकनीकी विकास के नए आयाम स्थापित करते हुए चंद्रयान मिशन के माध्यम से चंद्रमा पर तिरंगा फहराने का गौरव प्राप्त किया। रक्षा क्षेत्र में भी भारत ने बड़ी उपलब्धियां हासिल की हैं। पहले जहां हथियार विदेशों से खरीदे जाते थे, वहीं आज ब्रह्मोस और अग्नि जैसी मिसाइलों का स्वदेश में निर्माण हो रहा है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने न्यायालय द्वारा एसआईआर को विधि सम्मत बताने पर कहा कि सर्वोच्च न्यायालय द्वारा निर्वाचन आयोग के निर्णय पर मोहर लगाई गई है। उन्होंने कहा कि केवल भारत का नागरिक ही देश की लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी का अधिकार रखता है और अवैध घुसपैठियों को मतदाता सूची में शामिल करना देशहित में नहीं है। उन्होंने कांग्रेस नेताओं के आरोपों को निराधार और राजनीतिक बयानबाजी बताया। कोर्ट के फैसले के बाद विपक्ष पूर्णतया पराजित हो गया। कांग्रेस नैतिक, राजनीतिक और संवैधानिक रूप से ध्वस्त हो गई। 

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने देश की प्रतिभाओं को अवसर और संसाधन उपलब्ध कराकर आत्मनिर्भर भारत के निर्माण की दिशा में बड़ा कार्य किया है। प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से गरीबों को घर उपलब्ध कराए गए, हर घर जल योजना के तहत गांव-गांव तक नल से जल पहुंचाने का कार्य हुआ और सड़क अधोसंरचना को मजबूत किया गया। उन्होंने कहा कि किसानों को समृद्ध बनाने के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य में वृद्धि की गई, किसान सम्मान निधि के माध्यम से आर्थिक सहायता दी गई तथा राष्ट्रीय कृषि बाजार जैसी व्यवस्थाओं के जरिए किसानों को अपनी उपज का बेहतर मूल्य प्राप्त करने का अवसर मिला। भूमि परीक्षण और आधुनिक कृषि सुविधाओं के माध्यम से कृषि क्षेत्र को सशक्त किया गया।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि मजदूरों के हितों की रक्षा के लिए पीएफ खातों को सुरक्षित और व्यवस्थित किया गया ताकि श्रमिकों की मेहनत की कमाई सुरक्षित रहे। मुद्रा योजना के माध्यम से छोटे और कुटीर उद्योगों को बढ़ावा देकर युवाओं और आमजन को स्वरोजगार के अवसर प्रदान किए गए। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के कठिन दौर में भारत ने अपनी वैज्ञानिक क्षमता का परिचय देते हुए स्वदेशी वैक्सीन तैयार की और करोड़ों लोगों का जीवन बचाने का काम किया। आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं के माध्यम से गरीब और जरूरतमंद लोगों को स्वास्थ्य सुरक्षा उपलब्ध कराई गई। राठौड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत की विदेश नीति ने भी दुनिया में देश का सम्मान बढ़ाया है। आज विश्व के बड़े-बड़े राष्ट्र भारत की बात गंभीरता से सुनते हैं। प्रधानमंत्री मोदी “वसुधैव कुटुंबकम” और “सर्वे भवन्तु सुखिनः” की भावना के साथ विश्व को शांति और सहयोग का संदेश दे रहे हैं।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने राज्यसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर कहा कि निर्वाचन आयोग द्वारा घोषित कार्यक्रम के अनुसार भाजपा सभी आवश्यक प्रक्रियाएं समयबद्ध तरीके से पूरी करेगी और संगठन स्तर पर एजेंट नियुक्ति सहित अन्य तैयारियां की जाएंगी। राठौड़ ने कहा कि भाजपा द्वारा व्यापक जनसंपर्क और जनजागरण अभियान चलाए जा रहे हैं। “वंदे गंगा जल संरक्षण अभियान” भी चलाया जा रहा, जिसमें भाजपा कार्यकर्ता जल संरक्षण के लिए विभिन्न गतिविधियों में भाग ले रहे हैं। अभियान के तहत बावड़ियों और तालाबों की सफाई, जल स्रोतों का संरक्षण, कचरा हटाने, जल संग्रहण क्षमता बढ़ाने तथा वाटर हार्वेस्टिंग संरचनाओं को तैयार कराने का कार्य किया जाएगा, ताकि पेयजल और सिंचाई के लिए पानी का समुचित उपयोग सुनिश्चित हो सके।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

SJK News Chief Editor (SJK News)