उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा ने किए प्रभु श्री चारभुजानाथजी के दर्शन

भक्ति, सरलता और जनसरोकार का अनूठा संगम बना दौरा

May 28, 2026 - 11:41
 0  4
उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा ने किए प्रभु श्री चारभुजानाथजी के दर्शन
जयपुर, । उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा ने बुधवार को राजसमंद जिले के कुंभलगढ़ क्षेत्र के ग्राम चारभुजा गढ़बोर पहुंचकर प्रभु श्री चारभुजानाथ मंदिर में विधिवत दर्शन एवं पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि, खुशहाली और जनकल्याण की कामना की। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं और ग्रामीणों ने आत्मीय स्वागत किया। शंखनाद, जयकारों और भक्ति भाव से पूरा वातावरण श्रद्धामय हो उठा।
दर्शन के पश्चात उपमुख्यमंत्री का सहज और आत्मीय व्यक्तित्व उस समय देखने को मिला जब उन्होंने मंदिर परिसर के बाहर आमजन के साथ चाय पर चर्चा की। ग्रामीणों, युवाओं और स्थानीय नागरिकों के बीच बैठकर उन्होंने आत्मीय संवाद किया तथा क्षेत्र की समस्याओं, विकास और जनभावनाओं पर खुलकर चर्चा की। उपमुख्यमंत्री का यह सरल और अपनत्व भरा व्यवहार लोगों के दिलों को छू गया। आमजन ने भी अपने बीच उपमुख्यमंत्री को सहज रूप में पाकर प्रसन्नता व्यक्त की तथा कई ग्रामीण भावुक होकर गद्गद हो उठे।
चाय पर चर्चा के दौरान उपमुख्यमंत्री ने कहा कि जनता का स्नेह और विश्वास ही जनप्रतिनिधियों की सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थल केवल आस्था के केंद्र नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता और जनसंवाद के भी महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने ग्रामीणों से आत्मीय बातचीत करते हुए क्षेत्र के विकास, जल संरक्षण, शिक्षा और सामाजिक भागीदारी जैसे विषयों पर विचार साझा किए।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान की संस्कृति सदैव अपनत्व, सेवा और लोककल्याण की भावना से ओतप्रोत रही है। आमजन के बीच जाकर उनकी भावनाओं को समझना और उनसे सीधे संवाद करना लोकतंत्र की वास्तविक शक्ति है। उन्होंने कहा कि सरकार प्रदेश के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
इस दौरान ग्रामीण महिलाओं, बुजुर्गों और युवाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। लोगों ने उपमुख्यमंत्री के साथ तस्वीरें खिंचवाईं तथा आत्मीय मुलाकात को यादगार पल बताया। पूरे कार्यक्रम के दौरान भक्ति, आत्मीयता और जनसंपर्क का अनूठा वातावरण बना रहा।
कार्यक्रम के दौरान कुंभलगढ़ विधायक सुरेंद्र सिंह राठौड़, जिला कलक्टर अरुण कुमार हसीजा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

SJK News Chief Editor (SJK News)