भक्ति पूजा तक सीमित न रहे - मुनि प्रमाणसागर

भक्ति से अनुरक्ति, अनुरक्ति से विरक्ति और विरक्ति से मुक्ति

Nov 25, 2026 - 19:42
 0  2
भक्ति पूजा तक सीमित न रहे - मुनि प्रमाणसागर

श्री सम्मेदशिखर । तीर्थराज श्री सम्मेदशिखर स्थित गुणायतन में आयोजित नौ दिवसीय श्री सिद्धचक्र महामंडल विधान के सातवें दिन अष्टान्हिका महापर्व के अवसर पर पंचपरमेष्ठी की भव्य आराधना की गयी। राष्ट्रसंत मुनि प्रमाणसागर, मुनि संधानसागर, मुनि सारसागर, मुनि समादरसागर एवं मुनि रूपसागर के सानिध्य में देश-विदेश से पहुंचे श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव से पंचपरमेष्ठी के चरणों में 512 अर्घ समर्पित किये। पूरा गुणायतन परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा।

भक्ति से अनुरक्ति और अनुरक्ति से विरक्ति का मार्ग
धर्मसभा को संबोधित करते हुए राष्ट्रसंत मुनि प्रमाणसागर ने कहा कि भक्ति से अनुरक्ति, अनुरक्ति से विरक्ति और विरक्ति से मुक्ति का मार्ग प्रशस्त होता है। आराधना का उद्देश्य केवल पूजा-अर्चना करना नहीं, बल्कि आराध्य के गुणों का स्मरण कर अपने भीतर छिपे आराध्य स्वरूप को प्रकट करना है। भगवान को हमारी पूजा सामग्री की आवश्यकता नहीं है। हम उनकी पूजा उन्हें प्रसन्न करने के लिए नहीं, बल्कि उनके गुणों की आराधना कर अपनी भक्ति और समर्पण प्रकट करने के लिए करते हैं।

मुनि श्री ने कहा कि विधान की वास्तविक सार्थकता तभी है, जब हमारे जीवन में भक्ति, अनुरक्ति, विरक्ति और मुक्ति के भाव विकसित हों। भक्ति केवल बाहरी क्रिया तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि हृदय का अनुराग बननी चाहिए। प्रभु के प्रति अनुरक्ति इतनी गहरी हो कि सांसारिक विषयों और मोह-माया के प्रति आसक्ति स्वत: कम होने लगे। जब हृदय में विरक्ति का अंकुर फूटता है, तभी मुक्ति के पुष्प खिलते हैं।
उन्होंने श्रद्धालुओं से कहा कि प्रभु के प्रति आकर्षण बढ़ने पर संसार से अलगाव का भाव जागृत होता है और यही साधना का वास्तविक क्रम है। प्रभु से ऐसी प्रार्थना करनी चाहिए कि उनके चरण हृदय में तब तक विराजमान रहें, जब तक निर्वाण की प्राप्ति न हो जाए। भगवान जब हृदय में बस जाते हैं, तो विरक्ति का भाव स्वत: जागृत होने लगता है। भक्ति पूजा तक सीमित न रहे, बल्कि जीवन में समर्पण और आत्मकल्याण की भावना भी विकसित होनी चाहिए।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

SJK News Chief Editor (SJK News)