पीएमश्री विद्यालय राहोली को मिला राष्ट्रीय पुरस्कार
राष्ट्रीय मंच पर चमका राजस्थान का राजकीय विद्यालय
निवाई।पीएमश्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय राहोली ने शिक्षा, जागरूकता एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। विद्यालय को नई दिल्ली में आयोजित प्रतिष्ठित स्कूल चैलेंज टीओएफईआई राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया। यह समारोह भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के तत्वावधान में नवोटेल सिटी सेंटर नई दिल्ली में आयोजित हुआ। पीएमश्री स्कूल राहोली को यह राष्ट्रीय पुरस्कार मुख्य अतिथि भारत सरकार के केन्द्रीय शिक्षा मंत्रालय की विद्यालय शिक्षा एवं साक्षरता विभाग की सयुंक्त सचिव ए. श्रीजा एवं सीबीएसई की अतिरिक्त निदेशक प्रोफेसर अंजली छाबड़ा ने विद्यालय के प्रधानाचार्य डाॅ.योगेन्द्र सिंह नरूका,नोडल ऑफिसर पूजा पाटीदार व हाइजीन ऑफिसर राजस्थान स्कूल शिक्षा परिषद जयपुर दीपा यादव को प्रदान किया।
विद्यालय को यह सम्मान नशा मुक्त विद्यालय अभियान, विद्यार्थियों में जागरूकता, सकारात्मक विद्यालयी वातावरण निर्माण, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं नवाचारपूर्ण गतिविधियों के प्रभावी संचालन के लिए प्रदान किया गया। विद्यालय द्वारा समय-समय पर विद्यार्थियों में नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता फैलाने, स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने तथा सुरक्षित एवं प्रेरणादायी शिक्षण वातावरण तैयार करने के लिए अनेक कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहे हैं।
केन्द्रीय शिक्षा मंत्रालय द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर राजस्थान के एकमात्र राजकीय विद्यालय के रूप में पीएमश्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय राहोली का सम्मानित होना पूरे क्षेत्र, निवाई ब्लॉक एवं शिक्षा जगत के लिए गर्व का विषय बना।
विद्यालय की इस उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी और उत्साह का माहौल है। विद्यार्थियों, अभिभावकों तथा ग्रामीणजन ने विद्यालय परिवार को शुभकामनाएँ देते हुए इसे क्षेत्र की ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। विद्यालय परिवार ने कहा कि यह सम्मान केवल विद्यालय का नहीं बल्कि उन सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों, अभिभावकों और शिक्षा विभाग के सहयोग का परिणाम है, जिन्होंने निरंतर मेहनत, समर्पण और सकारात्मक सोच के साथ विद्यालय को नई पहचान दिलाने का कार्य किया।
विद्यालय प्रशासन ने बताया कि पीएमश्री विद्यालय योजना के अंतर्गत गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, नवाचार, नैतिक मूल्यों, डिजिटल शिक्षा एवं सामाजिक सरोकारों को प्राथमिकता देते हुए विद्यालय निरंतर कार्य कर रहा है। राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त होना इस दिशा में किए गए प्रयासों की बड़ी पहचान है, जो भविष्य में और बेहतर कार्य करने की प्रेरणा देगा।
इस गौरवपूर्ण उपलब्धि ने यह सिद्ध कर दिया है कि ग्रामीण परिवेश में स्थित विद्यालय भी समर्पण, गुणवत्ता और नवाचार के दम पर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बना सकते हैं। पीएमश्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय राहोली-निवाई की यह सफलता आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।
What's Your Reaction?

