राजस्थान में जल आत्मनिर्भरता का संकल्प हो रहा साकार- भजनलाल शर्मा
एनिकट पर श्रमदान कर जल स्रोतों के संरक्षण एवं संवर्धन का दिया संदेश
जयपुर । मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शुक्रवार को नींदड वन क्षेत्र में नींदड बैनाड़ बायोडाइवर्सिटी प्रोजेक्ट ईको ट्रेल का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने वंदे गंगा जल संरक्षण-जन अभियान के तहत एनिकट पर श्रमदान कर आमजन से जल संरचनाओं के संरक्षण एवं संवर्धन में सहभागिता निभाने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नींदड वन अत्यंत सुंदर और संभावनाओं से परिपूर्ण क्षेत्र है। राज्य सरकार इसे सघन पौधारोपण के माध्यम से विकसित करेगी, ताकि यहां प्रकृति पर्यटन को भी बढ़ावा मिल सके। उन्होंने कहा कि वंदे गंगा जल संरक्षण-जन अभियान के अंतर्गत हमारा प्रयास है कि ऐसे कई स्थानों पर एनिकट एवं जल संचय संरचनाओं का निर्माण कर वर्षा जल को एकत्रित किया जा सके। इसी तरह प्रधानमंत्री के ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान से प्रेरणा लेकर इस वर्ष भी हमारी सरकार ने 10 करोड़ पौधारोपण का लक्ष्य रखा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हमारी सरकार प्रदेश को जल आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। हरियालो राजस्थान और वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान प्रदेश में जनभागीदारी आधारित पर्यावरण एवं जल संरक्षण को नई दिशा प्रदान करेंगे। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को नींदड वन में आमजन के लिए ट्रैक निर्माण सहित अन्य पर्यावरण अनुकूल सुविधाएं विकसित करने के निर्देश दिए।
प्रकृति पूजा की परंपराओं का किया निर्वहन
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रकृति पूजा की सांस्कृतिक परंपराओं का पालन करते हुए विधिवत मंत्रोच्चार के साथ पीपल पूजन किया। साथ ही, उन्होंने शिव मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की खुशहाली एवं सुख-समृद्धि के लिए कामना की। उन्होंने पक्षियों के लिए परिंडे बांधे तथा महिलाओं को तुलसी के पौधे वितरित किए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने सफेद चंदन का पौधा रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इस अवसर पर वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संजय शर्मा सहित स्थानीय जनप्रतिनिधिगण, वरिष्ठ अधिकारीगण एवं आमजन उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?

