सोडाला से गुर्जर की थड़ी तक जेडीए का बुलडोजर एक्शन

कोर्ट के आदेश पर गुर्जर की थड़ी से सोडाला तक सड़क सीमा में आए रैंप, चबूतरे, सीढ़ियां और टिनशेड तोड़े 260 मकान-दुकानों पर कार्रवाई प्रस्तावित

Oct 6, 2026 - 00:38
 0  1
सोडाला से गुर्जर की थड़ी तक जेडीए का बुलडोजर एक्शन

जयपुर। राजधानी में सोमवार सुबह न्यू सांगानेर रोड पर रोज की तरह दुकानें खुलीं, लेकिन कुछ देर बाद सड़क का नजारा बदल गया। पुलिस जाब्ते की मौजूदगी में जेडीए के बुलडोजर पहुंचे और देखते ही देखते दुकानों-मकानों के बाहर सड़क सीमा में बने अवैध रैंप, चबूतरे, रेलिंग, सीढ़ियां, टिनशेड और बाउंड्री वॉल टूटने लगे। गुर्जर की थड़ी चौराहे से सोडाला तिराहे की ओर शुरू हुई इस कार्रवाई में पहले दिन करीब एक किलोमीटर के हिस्से में 60 से ज्यादा मकान-दुकानों के सड़क सीमा में आ रहे निर्माण हटाए गए। जेडीए के मुताबिक न्यू सांगानेर रोड पर करीब 260 मकान-दुकानों से अवैध निर्माण हटाया जाना है। कार्रवाई के दौरान सड़क सीमा में आने वाले निमार्णों को चिह्नित कर बुलडोजर से हटाया गया। इस दौरान एक दुकान के अंदर मौजूद व्यापारी से बाहर आने के लिए बार-बार कहा गया, लेकिन वह दुकान के अंदर ही डटा रहा। बाहर बुलडोजर खड़ा था और अंदर उसकी दुकान।

न्यू सांगानेर रोड की निर्धारित चौड़ाई 100 फीट है, लेकिन सड़क के दोनों तरफ हुए अतिक्रमण और निर्माण के कारण कई जगह इसकी चौड़ाई घटकर 40 से 60 फीट तक रह गई है। जेडीए अब सड़क सीमा से निर्माण हटाकर इसे दोबारा 100 फीट करने की तैयारी में है। कार्रवाई राजस्थान हाईकोर्ट के आदेश के तहत की जा रही है। जेडीए को 6 अक्टूबर को कोर्ट में कार्रवाई की पालना रिपोर्ट पेश करनी है। इसी के चलते सड़क सीमा में चिह्नित किए गए निर्माणों को तेजी से हटाया जा रहा है।

विधायक बोले- पहले निर्माण करवाते हैं, फिर तोड़ते हैं: सिविल लाइन्स विधायक गोपाल शर्मा ने जेडीए की मार्किंग पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि अधिकारियों ने गलत तरीके से मार्किंग की है और जनता की आपत्ति मुख्यमंत्री तथा यूडीएच मंत्री तक पहुंचाई गई है। गोपाल शर्मा ने आरोप लगाया कि जेडीए के अधिकारी पहले अवैध निर्माण करवाते हैं और बाद में उसी निर्माण को तोड़ने पहुंच जाते हैं।

रास्ता बंद, ट्रैफिक किया डायवर्ट
कार्रवाई के दौरान गुर्जर की थड़ी से न्यू सांगानेर रोड पर संजीवनी हॉस्पिटल की तरफ जाने वाला रास्ता बंद किया गया। ट्रैफिक को भी डायवर्ट किया गया। मौके पर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी और जेडीए के अधिकारी तैनात रहे। कार्रवाई का विरोध कर रहे स्थानीय लोगों और व्यापारियों से पुलिस ने बातचीत कर समझाइश की। जेडीए अधिकारियों ने भी व्यापारियों को समझाया कि केवल पहले से की गई मार्किंग के दायरे में आने वाले निर्माण ही हटाए जा रहे हैं।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

SJK News Chief Editor (SJK News)