शातिर गैंग का पर्दाफाश, पांच आरोपी गिरफ्तार

25 कीमती एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद, करीब 6 लाख रुपये आंकी गई कीमत; सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी विश्लेषण से पुलिस ने गैंग तक पहुंच बनाई

Nov 18, 2026 - 20:49
 0  3
शातिर गैंग का पर्दाफाश, पांच आरोपी गिरफ्तार

जयपुर । अजमेर स्थित विश्व प्रसिद्ध ख्वाजा गरीब नवाज की दरगाह में जियारत के लिए आने वाले जायरीनों की जेबतराशी कर मोबाइल फोन चोरी करने वाली गैंग का अजमेर पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गैंग के पांच सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से विभिन्न कंपनियों के 25 कीमती एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद मोबाइल की अनुमानित कीमत करीब 6 लाख रुपये बताई गई है।
महानिरीक्षक पुलिस अजमेर रेंज डॉ. रवि एवं पुलिस अधीक्षक अजमेर हर्षवर्धन अग्रवाला के निर्देश पर शहर में चोरी, नकबजनी एवं लूट की वारदातों पर अंकुश लगाने तथा अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर एवं मुख्यालय हिमांशु जांगिड तथा दरगाह वृत्ताधिकारी हर्षित शर्मा के निकटतम सुपरविजन में थानाधिकारी दिनेश कुमार जीवनानी के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।

सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी विश्लेषण से गैंग का सुराग
पुलिस टीम ने दरगाह परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। तकनीकी सहायता से फुटेज का विश्लेषण करने के साथ ही मुखबिरों और होटल संचालकों से संपर्क कर संदिग्ध व्यक्तियों के संबंध में जानकारी जुटाई गई। लगातार गश्त, निगरानी और संदिग्धों से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने जेबतराशी कर मोबाइल चोरी करने वाले संगठित गिरोह का पता लगाया।
पुलिस ने मंगलवार 17 नवंबर को कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से दरगाह शरीफ में जायरीनों की जेबतराशी कर चुराए गए 25 मोबाइल फोन बरामद किए गए। इस संबंध में थाना दरगाह में मामला दर्ज किया गया है।
मामले में थाना दरगाह क्षेत्र निवासी आरोपी मोहम्मद आमिर (20) पुत्र मोहम्मद सलीम, मोहम्मद ग्यासुदीन (20) पुत्र मोहम्मद जाहिद, फरदीन खान (21) पुत्र मोहम्मद फरजान, शेख फरहान आलम (23) पुत्र मुख्तार शेख और मोहम्मद शाहिद (21) पुत्र मोहम्मद शरीफ को गिरफ्तार किया गया है।

आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया
पकड़े गए सभी आरोपी आदतन अपराधी हैं, जिनके विरुद्ध पहले से ही विभिन्न थानों में चोरी, लूट, आर्म्स एक्ट और जुआ अधिनियम के कई मामले दर्ज हैं। मोहम्मद आमिर पर चोरी व संगठित अपराध से जुड़े 03 प्रकरण दर्ज हैं,  मोहम्मद ग्यासुद्दीन पर चोरी व संगठित अपराध के 02 मामले, फरदीन खान पर चोरी का मामला दर्ज, जिसमें बाल न्यायालय द्वारा अर्थदंड से दंडित किया जा चुका है और शेख फरहान आलम पर चोरी, लूट, आर्म्स एक्ट और जुआ अधिनियम के लगभग एक दर्जन से अधिक प्रकरण दर्ज हैं, जिनमें से कई मामलों में सजा भी हो चुकी है। मोहम्मद शाहिद पर चोरी और संगठित अपराध से जुड़े 03 मामले दर्ज हैं। पुलिस इनके अन्य साथियों, चोरी किए गए मोबाइल फोन को बेचने के ठिकानों और नेटवर्क के संबंध में जानकारी जुटा रही है। पुलिस को आरोपियों से और मोबाइल फोन बरामद होने की संभावना है। गिरोह से जुड़े अन्य संदिग्ध व्यक्तियों के संबंध में भी जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

SJK News Chief Editor (SJK News)