जयपुर में रॉन्ग साइड वाहन चालकों के खिलाफ जयपुर पुलिस का विशेष अभियान
यातायात पुलिस की सख्त चेतावनी: शॉर्टकट से बची हुई दूरी, जिंदगी से ज्यादा जरूरी नहीं है
जयपुर । शहर में रॉन्ग साइड वाहन चलाने वालों के खिलाफ जयपुर यातायात पुलिस ने दो दिवसीय विशेष अभियान चलाकर 544 चालान किए। पुलिस आयुक्त सचिन मित्तल एवं अतिरिक्त पुलिस आयुक्त यातायात एवं प्रशासन प्रदीप मोहन शर्मा के निर्देशन तथा पुलिस उपायुक्त यातायात योगेश गोयल के नेतृत्व में 20 और 21 अगस्त को जयपुर के पूर्व, दक्षिण, पश्चिम और उत्तर जोन में विशेष टीमें तैनात कर कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान 20 अगस्त को रॉन्ग साइड के 283 तथा 21 अगस्त को 261 चालान किए गए। इस तरह दो दिनों में रॉन्ग साइड वाहन चलाने वाले कुल 544 वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई की गई।
दो दिन में 7,134 वाहन चालकों पर कार्रवाई
यातायात पुलिस की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार 20 और 21 अगस्त को यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 7,134 वाहन चालकों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की गई। इनमें विओसी ऐप से फोटो खींचकर 798, पीओएस मशीन से 2,633, आईटीएमएस ऑनलाइन चालान से 1,135 तथा इंटरसेप्टर/स्पीड गन के माध्यम से 2,568 चालान शामिल हैं। कुल कार्रवाई में रॉन्ग साइड के 544 चालान भी शामिल हैं।
यातायात पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वाहन रॉन्ग साइड में नहीं चलाएं, क्योंकि यह गंभीर यातायात उल्लंघन है और इससे घातक सड़क दुर्घटनाएं हो सकती हैं। पुलिस उपायुक्त यातायात योगेश गोयल ने नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील करते हुए कहा कि सही दिशा में चलें और सुरक्षित घर लौटें। उन्होंने कहा, “शॉर्टकट से बची हुई दूरी, जिंदगी से ज्यादा जरूरी नहीं है।”
रामबाग सर्किल पर यातायात जागरूकता अभियान, वाहन चालकों को बताए सुरक्षित सफर के तरीके
यातायात पुलिस जयपुर की ओर से आमजन और वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए रामबाग सर्किल पर विशेष यातायात जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। जैन सोशल कैपिटल ग्रुप के सहयोग से आयोजित अभियान का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के साथ सुरक्षित यातायात व्यवस्था को बढ़ावा देना रहा।
अभियान के दौरान अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त यातायात दक्षिण एवं नोडल अधिकारी कालिका पेट्रोलिंग यूनिट सुनीता मीना ने पुलिस अधिकारियों और ग्रुप के सदस्यों के साथ सड़क से गुजर रहे वाहन चालकों को यातायात नियमों की पालना के लिए समझाइश की। वाहन चालकों को बताया गया कि यातायात नियम केवल कानूनी बाध्यता नहीं, बल्कि स्वयं और दूसरों की सुरक्षा के लिए जरूरी हैं।
इस दौरान दुपहिया वाहन चालकों को मानक हेलमेट पहनने, चौपहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से इस्तेमाल करने तथा निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने के लिए जागरूक किया गया। वाहन चालकों को रेड लाइट का उल्लंघन नहीं करने और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने की भी समझाइश दी गई।
What's Your Reaction?

