कांग्रेस चुनाव कार्यालय उद्घाटन में उमड़ा जनसैलाब

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, टिकट दावेदार और उनके समर्थक पहुंचे

Aug 26, 2026 - 21:54
 0  6
कांग्रेस चुनाव कार्यालय उद्घाटन में उमड़ा जनसैलाब
कांग्रेस चुनाव कार्यालय उद्घाटन में उमड़ा जनसैलाब

निवाई। नगर पालिका चुनाव 2026 को लेकर कांग्रेस ने बुधवार को गंगा-जमना गार्डन में चुनाव प्रधान कार्यालय का शुभारंभ किया। पूर्व विधायक प्रशांत बैरवा सहित कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं एवं पदाधिकारियों की मौजूदगी में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, टिकट दावेदार और उनके समर्थक पहुंचे। कई वार्डों से दावेदार ढोल-नगाड़ों के साथ अपने समर्थकों को लेकर सभास्थल पहुंचे और जमकर शक्ति प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और टिकट दावेदारों की भीड़ इस कदर उमड़ी कि गंगा-जमना गार्डन का पांडाल और कुर्सियां कम पड़ गईं। बड़ी संख्या में कार्यकर्ता हाथों में तख्तियां लेकर धूप में ही खड़े रहे और पार्टी के समर्थन में नारेबाजी करते नजर आए। आयोजकों ने कई बार समर्थकों से छाया में बैठने का आग्रह किया, लेकिन चुनावी उत्साह में कार्यकर्ता अपनी जगह से हटने को तैयार नहीं हुए।
40 वार्डों से करीब 200 दावेदार पहुंचे
सभा में किसान नेता श्रीराम चौधरी, पूर्व कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष रामराय मीना, हंसराज गुर्जर, निर्भय राम मीना, जाकिर अली, रामकिशन टोड़वाल, शिवचरण कुमावत सहित हजारों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। निवाई नगर पालिका के 40 वार्डों से टिकट की दावेदारी कर रहे करीब 200 उम्मीदवारों के साथ बड़ी संख्या में महिला, पुरुष एवं युवा कार्यकर्ता भी कार्यक्रम में पहुंचे।

कांग्रेस नेताओं ने जीत के लिए कार्यकर्ताओं को किया लामबंद-: चुनाव कार्यालय के शुभारंभ के बाद आयोजित सभा को पूर्व विधायक कमल बैरवा, पूर्व विधायक प्रशांत बैरवा, पूर्व प्रधान चंद्र मीना, मांगीलाल, जिला सह प्रभारी सुमित गर्ग, निवाई विधानसभा प्रभारी राजेंद्र चौधरी, ब्लॉक प्रभारी कमलेश गुर्जर, यूथ जिला प्रभारी हरिराम सूद, निवाई शहर अध्यक्ष सतीश शर्मा, पवन बोहरा, महावीर परमार, प्रदीप पारीक, प्रवीण माणु और हंसराज फागणा सहित कई नेताओं ने संबोधित किया।
वक्ताओं ने कार्यकर्ताओं से निकाय चुनाव में कांग्रेस की जीत के लिए पूरी ताकत के साथ जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक वार्ड में संगठन को मजबूत करते हुए जनता के बीच पहुंचकर स्थानीय मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा। नेताओं ने कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय के साथ चुनावी मैदान में उतरने और कांग्रेस की जीत सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
एक दर्जन से अधिक भाजपा कार्यकर्ता कांग्रेस में शामिल-: कार्यक्रम के दौरान भाजपा को राजनीतिक झटका भी लगा। एक दर्जन से अधिक भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। कांग्रेस में शामिल होने वालों ने भाजपा की नीतियों से असंतुष्ट होकर कांग्रेस के साथ चलने का संकल्प जताया।
इस दौरान तनिशा सनातनी, केसर लाल वर्मा, शंकर लाल शर्मा, बाबूलाल माछलपुरिया, अल्लारखा देशवाली, गोविंद सोनी, राजेश स्वामी, गिर्राज चौधरी सहित एक दर्जन से अधिक लोगों ने कांग्रेस की सदस्यता ली। कांग्रेस नेताओं ने नए सदस्यों का पार्टी का दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया।
लड्डू बांटकर मनाई खुशी-: कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों को लड्डू बांटकर मुंह मीठा कराया गया। चुनाव कार्यालय के उद्घाटन के दौरान उमड़ी भीड़, टिकट दावेदारों की सक्रियता और भाजपा कार्यकर्ताओं के कांग्रेस में शामिल होने से निवाई में निकाय चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां और तेज हो गई हैं।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

SJK News Chief Editor (SJK News)