7 अक्टूबर को आयोजित होगा ‘सेवा ज्योति संकल्प’ कार्यक्रम:— मदन राठौड़

सेवा ज्योति संकल्प' कार्यक्रम में लाइव जुडेंगे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन:— मदन राठौड़

Oct 6, 2026 - 01:19
 0  1
7 अक्टूबर को आयोजित होगा ‘सेवा ज्योति संकल्प’ कार्यक्रम:— मदन राठौड़

जयपुर । भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि 7 अक्टूबर का दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में विशेष महत्व रखता है। 7 अक्टूबर 2001 को उन्होंने पहली बार गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। 7 अक्टूबर 2026 को उनके सरकार के प्रमुख के रूप में 25 वर्ष का सार्वजनिक सेवा कार्यकाल पूरा हो रहा है। ऐसे में भारतीय जनता पार्टी राजस्थान की ओर से 7 अक्टूबर को प्रदेश के प्रत्येक जिला केंद्र पर ‘सेवा ज्योति एवं संकल्प’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें प्रत्येक बूथ से भाजपा कार्यकर्ता जनता के साथ संवाद करते हुए जिला केंद्र तक पहुंचेंगे। जयपुर में भी सांगानेर क्षेत्र में कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें कार्यकर्ता एवं आमजन सहभागी होंगे। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा जनता के प्रति आभार व्यक्त करने के लिए आयोजित होने वाले लाइव कार्यक्रम से भी कार्यकर्ता और आमजन जुड़ेंगे। इसके पश्चात सेवा की भावना एवं सामाजिक जिम्मेदारी का प्रतीक ‘मशाल’ प्रज्ज्वलित की जाएगी। मशाल का संदेश यह होगा कि समाज में सेवा की भावना निरंतर जागृत रहे। जरूरतमंद व्यक्ति की सहायता करना, उसे सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाना, किसी जरूरतमंद को सही मार्ग दिखाना और उसे आत्मनिर्भर बनाने में सहयोग करना ही वास्तविक जनसेवा है। इस अवसर पर उपस्थित लोगों को सेवा का संकल्प भी दिलाया जाएगा कि वे अपने जीवन में जरूरतमंदों की सहायता, समाज की सेवा और राष्ट्रहित के कार्यों में निरंतर योगदान देंगे।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से राजस्थान में चल रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत प्रदेशभर में विभिन्न सेवा एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। अभियान के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दीर्घ सार्वजनिक जीवन, सेवा भावना और विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने के साथ समाज में सेवा एवं राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है। राजस्थान सरकार द्वारा भी 17 सितंबर को ‘सेवा संकल्प अभियान—जन सेवा ही प्रभु सेवा’ में जनभागीदारी का आह्वान किया गया था। अभियान के दौरान राजस्थान की जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ, दीर्घ एवं सक्रिय जीवन की कामना करते हुए 40 लाख ‘आशीर्वाद के दीप’ जलाए। ऐसे में 7 अक्टूबर को होने वाले कार्यक्रम में मोदी जी आमजन का आभार व्यक्त करेंगे। 

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने बताया कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत प्रदेशभर में रक्तदान शिविर, स्वच्छता अभियान, आंगनबाड़ी केंद्रों पर सेवा गतिविधियां, विद्यालयों में विभिन्न कार्यक्रम, वाद-विवाद एवं लेखन प्रतियोगिताएं तथा महापुरुषों के सम्मान से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों के माध्यम से राष्ट्रीय चरित्र, सामाजिक जिम्मेदारी और सेवा भाव को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया। अभियान के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की जन्मभूमि वडनगर से कर्मभूमि वाराणसी तक भी यात्रा निकाली गई, जो राजस्थान के विभिन्न जिलों से होकर वाराणसी पहुंची। इसी क्रम में वाराणसी से वडनगर की ओर मोटरसाइकिल यात्राएं भी आयोजित की जा रही हैं। इन यात्राओं का उद्देश्य प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन की सेवा यात्रा को जनसामान्य से जोड़ना है। 

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने पत्रकारों के सवाल के जवाब देते हुए विपक्ष में चल रही अंदरूनी खींचतान को जलेबी रेस बताया। राठौड़ ने कहा कि जूली, गहलोत, डोटासरा और पायलट के मध्य पिछले लंबे समय से जलेबी रेस चल रही है। कांग्रेस में नेता अपनी अपनी ढपली बजा रहे है। डोटासरा द्वारा पंचायत चुनाव में दिखाए जा रहे आत्मविश्वास को झेप मिटाने वाला बताया कि अगर डोटासरा जनादेश स्वीकार कर लेते है तो उनकी दुकान आज ही खाली हो जाएगी। नेतृत्वविहीन कांग्रेस आज एकमुखी नजर नहीं आ रही है। डोटासरा अगर्नल बयानबाजी कर रहे है, अगर हमारे द्वारा सत्ता का दुरुपयोग किया जाता तो वे स्वयं निकाय चुनाव में लक्ष्मणगढ़ की सीट 1 वोट से जीत नहीं पाते। वोट चोरी तो गहलोत सरकार ने की थी, बसपा के हाथी तक को डकार गए थे। वे लोकतंत्र का अपमान करते है, भारतीय जनता पार्टी सदैव लोकतंत्र और लोकतांत्रिक संस्थाओं का सम्मान करती है। 

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

SJK News Chief Editor (SJK News)