6 राज्यों के 34 विद्यार्थियों ने लिया प्रशिक्षण

अलवर पुलिस का 45 दिवसीय साइबर सिक्योरिटी इंटर्नशिप कार्यक्रम सम्पन्न

Nov 18, 2026 - 20:47
 0  3
6 राज्यों के 34 विद्यार्थियों ने लिया प्रशिक्षण

जयपुर । महानिदेशक पुलिस राजीव कुमार शर्मा के निर्देशानुसार साइबर अपराधों के बढ़ते खतरे के बीच युवाओं की तकनीकी प्रतिभा को पुलिसिंग से जोड़ने की दिशा में अलवर पुलिस की अनूठी पहल के तहत आयोजित 45 दिवसीय ‘साइबर सुरक्षा इंटर्नशिप प्रोग्राम-2026’ सफलतापूर्वक सम्पन्न हो गया। 5 अक्टूबर से 18 नवंबर 2026 तक आयोजित इस कार्यक्रम में राजस्थान सहित देश के 6 राज्यों के 34 विद्यार्थियों ने भाग लेकर साइबर सुरक्षा एवं साइबर अपराध अनुसंधान से जुड़ी तकनीकी दक्षताएं हासिल कीं।
पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी ने बताया कि कार्यक्रम के लिए देशभर से करीब 1,600 आवेदन प्राप्त हुए थे। इनमें से 105 अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया गया तथा 50 अभ्यर्थियों का चयन किया गया। चयनित विद्यार्थियों में से 34 ने इंटर्नशिप कार्यक्रम में सहभागिता की। इसमें राजस्थान, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, ओडिशा, आंध्र प्रदेश एवं तमिलनाडु के विद्यार्थी शामिल रहे।
यह कार्यक्रम अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय डॉ. दीपक कुमार एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. प्रियंका रघुवंशी के सुपरविजन में पुलिस उप अधीक्षक साइबर क्राइम वीरेंद्र सिंह भाटी, प्रोग्रामर मनीष गंगावत तथा सूचना सहायक उमेश खत्री के नेतृत्व में संचालित किया गया।

तीन चरणों में दिया गया तकनीकी एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण
इंटर्नशिप को तीन चरणों में संचालित किया गया। पहले चरण में विशेषज्ञों द्वारा प्रतिदिन दो तकनीकी एवं विषयगत व्याख्यान आयोजित किए गए। दूसरे चरण में विद्यार्थियों को साइबर पुलिस थाना, साइबर हेल्पडेस्क एवं चयनित पुलिस थानों में पर्यवेक्षण के तहत व्यावहारिक अनुभव प्रदान किया गया। तीसरे चरण में विद्यार्थियों ने साइबर अपराध अनुसंधान से जुड़ी समस्याओं पर शोध करते हुए तकनीकी प्रोजेक्ट विकसित किए।
प्रशिक्षण के दौरान वित्तीय साइबर धोखाधड़ी, डिजिटल फॉरेंसिक, मालवेयर एवं एपीके विश्लेषण, ओपन सोर्स इंटेलिजेंस (OSINT), डेटा एनालिटिक्स, ऑफेंसिव एवं डिफेंसिव सिक्योरिटी, ई-गवर्नेंस, साइबर सुरक्षा और डिजिटल फुटप्रिंट्स जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी गई। इसके साथ ही साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930, एनसीआरपी पोर्टल की कार्यप्रणाली, सोशल मीडिया मॉनिटरिंग, डिजिटल फॉरेंसिक टूल्स एवं साइबर जागरूकता अभियान के संबंध में भी प्रशिक्षण दिया गया।

पुलिस, बैंकिंग और तकनीकी क्षेत्र के विशेषज्ञों ने किया मार्गदर्शन
कार्यक्रम में पुलिस विभाग, बैंकिंग क्षेत्र, सरकारी तकनीकी विभाग और साइबर सुरक्षा क्षेत्र के विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन प्रदान किया। इनमें अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. दीपक कुमार, डॉ. प्रियंका रघुवंशी, पुलिस उप अधीक्षक वीरेंद्र सिंह भाटी सहित बैंकिंग एवं तकनीकी क्षेत्र से जुड़े अरविंद सिद्ध, केशव सैनी, जी.एस. चौधरी, अनिल जांगिड़, मनोज शर्मा, चारु अग्रवाल, अभिषेक पराशर, प्राची चौहान एवं नमन सेठी शामिल रहे।

विद्यार्थियों ने विकसित किए साइबर अनुसंधान से जुड़े तकनीकी प्रोजेक्ट
इंटर्नशिप के दौरान विद्यार्थियों ने पुलिस की वास्तविक कार्यप्रणाली एवं अनुसंधान संबंधी आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विभिन्न तकनीकी टूल्स और प्रोटोटाइप विकसित किए। इनमें वित्तीय लेन-देन एवं मनी ट्रेल के विश्लेषण के लिए ‘धन खोज’ टूल, साइबर क्राइम इंटरनल कमांड एवं एविडेंस पोर्टल, क्रिप्टो ट्रेल एवं सीडीआर एनालाइजर, संदिग्ध मोबाइल एप्लीकेशन के विश्लेषण के लिए एपीके एनालिसिस टूल तथा केस मैनेजमेंट एवं अनुसंधान कार्यों को व्यवस्थित करने वाले टूल शामिल हैं।
इसके अतिरिक्त डिजिटल फॉरेंसिक संबंधी टूल, साइबर जागरूकता एवं नागरिक सहायता से जुड़े समाधान तथा साइबर अनुसंधान और ओपन सोर्स इंटेलिजेंस विश्लेषण के लिए तकनीकी प्रोटोटाइप भी तैयार किए गए। इन प्रोजेक्ट्स के माध्यम से विद्यार्थियों ने साइबर अपराध अनुसंधान में तकनीकी नवाचार और पुलिस की आवश्यकताओं के अनुरूप नए समाधान विकसित करने का प्रयास किया।

आधिकारिक उपयोग से पहले होंगे तकनीकी और कानूनी परीक्षण
अलवर पुलिस के अनुसार, विद्यार्थियों द्वारा विकसित सभी प्रोजेक्ट एवं टूल्स फिलहाल शोध और प्रोटोटाइप स्तर पर हैं। इनके किसी भी प्रकार के आधिकारिक उपयोग से पहले आवश्यक तकनीकी, कानूनी एवं सुरक्षा संबंधी परीक्षण और सत्यापन किया जाना जरूरी होगा।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों की तकनीकी एवं शैक्षणिक जानकारी को पुलिस की वास्तविक कार्यप्रणाली से जोड़ना और साइबर अपराधों के बदलते स्वरूप के अनुरूप तकनीकी रूप से सक्षम मानव संसाधन तैयार करना रहा। यह पहल भविष्य में पुलिस, शैक्षणिक संस्थानों और साइबर सुरक्षा उद्योग के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा तकनीक आधारित, ज्ञान आधारित एवं नागरिक केंद्रित पुलिसिंग को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

साइबर सुरक्षित समाज के निर्माण में युवाओं की भागीदारी जरूरी
पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी ने कहा कि वर्तमान समय में साइबर अपराध एक बड़ी चुनौती बनकर उभरा है। इस इंटर्नशिप के माध्यम से युवाओं की तकनीकी क्षमता का उपयोग समाज को साइबर सुरक्षित बनाने में किया जाएगा। इससे युवाओं को पुलिसिंग की कार्यप्रणाली समझने और साइबर सुरक्षा के क्षेत्र में व्यावहारिक दक्षता हासिल करने का अवसर मिला है।
अलवर पुलिस ने स्थानीय नागरिकों की साइबर अपराध संबंधी सहायता के लिए साइबर हेल्पलाइन 1930, एनसीआरपी पोर्टल तथा अलवर निवासियों के लिए हेल्पलाइन नंबर 8764874306 के बारे में भी जानकारी साझा की।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

SJK News Chief Editor (SJK News)