हर्षोल्लास के साथ मनाया गया गणगौर का पर्व

नगर पालिका के तत्वावधान में भरा भव्य मेला

Mar 21, 2026 - 18:32
 0  16
हर्षोल्लास के साथ मनाया गया गणगौर का पर्व

निवाई । उपखण्ड मुख्यालय सहित आस-पास के ग्रामीण क्षेत्रों में शनिवार को आस्था और लोक संस्कृति का प्रतीक गणगौर पर्व पारंपरिक श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर शहर के गणगौरी बाजार में नगर पालिका प्रशासन के तत्वावधान में भव्य गणगौर मेले का आयोजन किया गया, जिसमें जनसैलाब उमड़ पड़ा।

​सोलह श्रृंगार कर महिलाओं ने की पूजा

​क्षेत्र में सुबह से ही उत्सव का माहौल नजर आया। प्रिया गौतम ने बताया कि पर्व को लेकर महिलाओं और युवतियों में खासा उत्साह देखा गया। सोलह श्रृंगार से सुसज्जित महिलाओं, नवविवाहिताओं और युवतियों ने विधि-विधान से ईसर-गणगौर की पूजा-अर्चना की और पारंपरिक लोक कथाएं सुनीं। सुहागिनों ने अपने पति की दीर्घायु और कुंवारी कन्याओं ने अच्छे वर की कामना के साथ यह व्रत पूर्ण किया।

​ग्रामीण अंचलों में भी रही धूम

​गणगौर का यह उत्सव केवल शहर तक ही सीमित नहीं रहा, बल्कि उपखण्ड के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में भी इसकी चमक देखने को मिली। दत्तवास, सिरस, रजवास, राहोली, गुंसी, झिलाई और जामडोली सहित कई गाँवों में महिलाओं ने सामूहिक रूप से एकत्रित होकर गणगौर के गीत गाए और परंपरागत तरीके से विसर्जन की रस्म निभाई।

​मेले में उमड़ी भीड़

​निवाई के मुख्य गणगौरी बाजार में आयोजित मेले में सुरक्षा और व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम रहे। मेले में सजी दुकानों पर महिलाओं ने जमकर खरीदारी की और बच्चों ने झूलों का आनंद लिया। शाम को ईसर-गणगौर की सवारी निकाली गई, जो आकर्षण का केंद्र रही।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

SJK News Chief Editor (SJK News)