वर्ल्ड हिंदू कांग्रेस 2026: मुंबई में 18 से 20 दिसंबर तक होगा ऐतिहासिक महासम्मेलन*

सम्मेलन का केंद्रीय विषय है — 'समानं व्रतं सह चित्तम्' अर्थात साझा संकल्प, सामूहिक दृढ़ता।

Aug 17, 2026 - 02:39
 0  3
वर्ल्ड हिंदू कांग्रेस 2026: मुंबई में 18 से 20 दिसंबर तक होगा ऐतिहासिक महासम्मेलन*

जयपुर । विश्व हिंदू समुदाय का सबसे बड़ा वैश्विक मंच, वर्ल्ड हिंदू कांग्रेस (WHC), इस वर्ष भारत की आर्थिक राजधानी मुंबई में आयोजित होगा। 18, 19 और 20 दिसंबर को जियो वर्ल्ड कन्वेंशन सेंटर में आयोजित इस सम्मेलन का विषय है 'समानं व्रतं सह चित्तम्' — अर्थात साझा संकल्प, सामूहिक दृढ़ता। इस महासम्मेलन में भारत और विश्व के कोने-कोने से हिंदू नेता, विचारक, उद्यमी, नीति-निर्माता, शिक्षाविद, पत्रकार और सामाजिक कार्यकर्ता एकत्र होंगे। इनके बीच धर्म, संस्कृति और समाज के पुनरुत्थान पर विचार-मंथन होगा।

यह जानकारी वर्ल्ड हिंदू कांग्रेस के प्रणेता और विश्व हिन्दू परिषद के संयुक्त महामंत्री स्वामी विज्ञानानंद ने रविवार को पत्रकार वार्ता में दी। उन्होंने बताया कि WHC 2026 में सात समानांतर विषयगत सम्मेलन आयोजित होंगे — वर्ल्ड हिंदू इकोनॉमिक फोरम, हिंदू एजुकेशन कॉन्फ्रेंस, हिंदू मीडिया कॉन्फ्रेंस, हिंदू पॉलिटिकल कॉन्फ्रेंस, हिंदू वुमेन कॉन्फ्रेंस, हिंदू यूथ कॉन्फ्रेंस और हिंदू ऑर्गेनाइजेशनल कॉन्फ्रेंस। यह सभी मंच हिंदू समाज की विविधता, सृजनशीलता और उद्यमशीलता को नई ऊर्जा देंगे।

इससे पहले WHC 2023 का आयोजन नवंबर 2023 में बैंकॉक, थाईलैंड में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ था। अब तक के सम्मेलनों में 60 से अधिक देशों के 6,500 से ज्यादा प्रतिभागी सक्रिय रूप से भाग ले चुके हैं। पूर्व सम्मेलनों में परम पूजनीय दलाई लामा, माता अमृतानंदमयी, आरएसएस सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत, आरएसएस सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसाबळे, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, डॉ. बिबेक देबरॉय, पद्म भूषण डॉ. विजय भटकर, पद्म भूषण डॉ. आर. नागस्वामी, प्रो. कपिल कपूर, ज़ोहो के संस्थापक श्रीधर वेम्बू, अजय पीरामल, मोहनदास पई, फिल्मकार विपुल शाह और प्रियदर्शन, अश्विन अधिन, डेविड फ्रॉली, स्वामी स्वरूपानंद, सतगुरु दिलीप सिंह तथा मधु पंडित दास, इतिहासकार विक्रम संपत और श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के ट्रस्टी स्वामी गोविंद देव गिरि जैसी विभूतियां शिरकत कर चुकी हैं।

स्वामी विज्ञानानंद ने कहा कि आज हिंदू समाज पिछली एक सदी की तुलना में कहीं अधिक दृश्यमान, स्वीकार्य और सम्माननीय स्थिति में है। अब समय है कि हम संगठित होकर, दृढ़ संकल्प के साथ हिंदू आकांक्षाओं को साकार करें और उन चुनौतियों का सामना करें जो हमारी एकता की परीक्षा लेती हैं। 

उन्होंने बताया कि पिरामल ग्रुप के चेयरमैन अजय पिरामल WHC 2026 के अध्यक्ष और सह-अध्यक्षों के रूप में श्री विशाद मफतलाल और श्री महेश भागचंदका को नियुक्त किया गया है। यह सम्मेलन नेटवर्किंग, विचार-विनिमय और ठोस कार्ययोजना का केंद्र बनेगा। हिंदू समुदाय की रणनीतिक जरूरतों पर विशेष जोर दिया जाएगा, जिससे हिंदू नेताओं, विचारकों और कार्यकर्ताओं के बीच सार्थक सहयोग का मार्ग प्रशस्त हो सके। WHC 2026 हिंदू पहचान के प्रति गहरे गौरव और हिंदू धर्म के प्रति अटूट प्रतिबद्धता को नई ऊर्जा देने का संकल्प लेकर आया है।

वर्ल्ड हिंदू कांग्रेस के बारे में:

वर्ल्ड हिंदू कांग्रेस एक वैश्विक मंच है जो 'यतो धर्मस्ततो जय:' — जहां धर्म है, वहां विजय है — की भावना से संचालित है। हर चार साल में एक बार आयोजित इस महासम्मेलन के सात समानांतर मंच हिंदू समाज की आर्थिक, शैक्षणिक, मीडिया, राजनीतिक और संगठनात्मक शक्ति को सामने लाते हैं। 2014 में दिल्ली से शुरू होकर 2018 में शिकागो और 2023 में बैंकॉक में आयोजित यह सम्मेलन अब 2026 में मुंबई में अपना नया अध्याय लिखेगा।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

SJK News Chief Editor (SJK News)