जयपुर रेंज में एरिया डोमिनेशन अभियान : आठ जिलों में पकड़े 754 बदमाश

67 नए मुकदमे दर्ज

Apr 21, 2026 - 12:18
 0  5
जयपुर रेंज में एरिया डोमिनेशन अभियान : आठ जिलों में पकड़े 754 बदमाश

जयपुर । जयपुर रेंज के आठ जिलों में पुलिस ने आदतन अपराधियों और असामाजिक तत्वों की गिरफ्तारी के लिए एरिया डोमिनेशन अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने 67 नए मुकदमे दर्ज कर 754 बदमाशों को गिरफ्तार किया। जयपुर रेंज आईजी राहुल प्रकाश ने सोमवार को बताया कि रेंज के जयपुर ग्रामीण, अलवर, दौसा, भिवाड़ी, खैरथल-तिजारा, कोटपूतली-बहरोड़, सीकर और झुंझुनू में असामाजिक तत्वों की धरपकड़ के लिए अभियान चलाया गया। सभी जिलों के एसपी को महिला अत्याचार के मामलों में अपराधी, हिस्ट्रीशीटर, आदतन अपराधियों और जघन्य मामलों में फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए। आईजी राहुल प्रकाश ने बताया कि अभियान के दौरान एक हार्डकोर, चार हिस्ट्रीशीटर और दो आदतन अपराधियों को गिरफ्तार किया।

जघन्य अपराध के मामलों में 24 वांछित बदमाशों को गिरफ्तार किया गया। इसी प्रकार, सामान्य अपराध के मामलों में 81 वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। जबकि गिरफ्तारी वारंट में वांछित 232 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। जो आरोपी पकड़े गए हैं। इनमें आठ इनामी बदमाश भी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि अवैध शराब और मादक पदार्थ के मामलों में 15 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। 235 आरोपियों को बीएनएस की धारा 170 के तहत गिरफ्तार किया गया है। एनडीपीएस एक्ट के पांच नए मुकदमे दर्ज कर तस्करी के छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इनसे 13.270 किलो गांजा, 11.38 ग्राम स्मैक और नशीली दवा के 284 कैप्सूल जब्त किए।

 आबकारी अधिनियम के 32 नए मुकदमे दर्ज कर 25 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनसे अवैध शराब जब्त की।
अवैध हथियार और अवैध खनन के भी केस: उन्होंने बताया कि आर्म्स एक्ट के तहत पांच नए मुकदमे दर्ज कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इनसे 12 बोर की दो देसी बंदूक, एक कारतूस, दो देसी कट्टे और एक देसी पिस्टल जब्त की। अवैध खनन के तीन मुकदमे दर्ज कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने 60 टन पत्थर जब्त किया है। इसी प्रकार अलग-अलग धाराओं में 22 मुकदमे दर्ज कर 31 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

382 टीमों ने 2,195 ठिकानों पर दबिश दी
आईजी राहुल प्रकाश ने बताया कि अभियान के तहत सभी जिलों में 1470 पुलिसकर्मियों की 382 टीमों ने 2,195 ठिकानों पर दबिश दी। रेंज में 754 असामाजिक तत्वों और बदमाशों को गिरफ्तार किया गया। साथ ही आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट, आबकारी अधिनियम, अवैध खनन और अन्य मामलों में 67 नए मुकदमे दर्ज कर इनमें 71 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। महिला अत्याचार से जुड़े मामलों में सात आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

SJK News Chief Editor (SJK News)