भारी बारिश का अलर्ट, 8 जिलों में स्कूलों की छुट्टी
जयपुर: बंगाल की खाड़ी में बना डिप्रेशन सिस्टम अब मध्य प्रदेश तक आ गया है। इस सिस्टम के असर से मध्य प्रदेश के साथ राजस्थान के कई इलाकों में भारी बारिश का दौर शुरू हो गया है। राजस्थान में रविवार को बारां, पाली, प्रतापगढ़, सिरोही समेत कई जिलों में 2 से लेकर 6 इंच तक बरसात हुई।
तेज बारिश के कारण पाली, सिरोही, बारां के इलाके जलमग्न हो गए। बरसाती नदियों और नालों में भी पानी की आवक बढ़ने से एनीकट, बांध छलकने लगे हैं। बीसलपुर बांध में लगातार बढ़ रही पानी की आवक को देखते हुए अब 6 गेट खोलकर पानी छोड़ा जा रहा है। उधर, झालावाड़ में बिजली गिरने से 1 व्यक्ति की मौत हो गई। बीसलपुर बांध में लगातार बढ़ रही पानी की आवक को देखते हुए रविवार को 5 गेट और खोले गए। अब 6 गेट से कुल 72120 क्यूसेक पानी की निकासी की जा रही है।
मौसम केंद्र जयपुर ने सोमवार को भी 4 जिलों में भारी बारिश की आशंका जताते हुए रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं 10 जिलों में ऑरेंज अलर्ट और 17 जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। भारी बारिश के अलर्ट चलते झालावाड़ में 28 जुलाई से 2 अगस्त तक सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों की छुट्टी घोषित की गई है। कोटा, भीलवाड़ा, बांसवाड़ा, बारां और डूंगरपुर में 28-29 जुलाई और धौलपुर जिले में 28 से 30 जुलाई तक छुट्टी घोषित की गई है। अजमेर में 28 जुलाई को स्कूलों की छुट्टी घोषित की गई है।
What's Your Reaction?

