केवी नेशनल गेम्स में जयपुर की बेटियां बनी चैम्पियन
देहरादून में आयोजित 55वीं राष्ट्रीय खेलकूद प्रतियोगिता में जयपुर केन्द्रीय विद्यालय नम्बर 1 की बेटियों ने शानदार प्रदर्शन
जयपुर. पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय बीरपुर देहरादून में आयोजित 55वीं राष्ट्रीय खेलकूद प्रतियोगिता में जयपुर केन्द्रीय विद्यालय नम्बर 1 की बेटियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फुटबॉल अंडर-14 बालिका वर्ग का खिताब अपने नाम कर लिया। यहां खेले गए रोमांचक फाइनल मुकाबले में केवी-1 जयपुर की टीम ने मेजबान देहरादून को पेनल्टी शूटआउट में 3-1 से शिकस्त देकर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। मुकाबले के दौरान दोनों टीमों ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया और निर्धारित समय के साथ-साथ अतिरिक्त समय में भी कोई टीम बढ़त हासिल नहीं कर सकी।
फाइनल मुकाबला शुरू से ही रोमांच और संघर्ष से भरपूर रहा। दोनों टीमों की खिलाड़ियों ने गोल करने के लिए कई प्रयास किए, लेकिन मजबूत रक्षापंक्ति और गोलकीपिंग के कारण निर्धारित समय तक स्कोर बराबर रहा। अतिरिक्त समय में भी स्थिति नहीं बदली। इसके बाद विजेता का फैसला पेनल्टी शूटआउट से किया गया, जहां जयपुर की टीम ने शानदार संयम और आत्मविश्वास का परिचय देते हुए बाजी मार ली। जयपुर की जीत में गोलकीपर वृंदा टिंकर की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण रही।
पेनल्टी शूटआउट के दौरान वृंदा ने शानदार गोलकीपिंग करते हुए देहरादून की दो पेनल्टी रोक दीं। वृंदा की इन बेहतरीन बचतों से जयपुर टीम को जीत मिल गई। वहीं जयपुर की ओर से गोरिका यादव, देविशा सोनी और खुशी यादव ने पेनल्टी को गोल में तब्दील कर टीम को निर्णायक बढ़त दिलाई। देहरादून की ओर से संध्या ही एक गोल कर सकीं। इस शानदार जीत के साथ केवी-1 जयपुर की अंडर-14 बालिका फुटबॉल टीम ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई। खिलाड़ियों के सामूहिक प्रदर्शन, अनुशासन, आत्मविश्वास और निर्णायक क्षणों में बेहतर खेल ने टीम को चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई। इस प्रतियोगिता में विजेता जयपुर टीम को 70 हजार रुपए का नकद पुरस्कार प्रदान किया गया। वहीं उपविजेता देहरादून की टीम को 42 हजार रुपए, जबकि तीसरे स्थान पर रही मुम्बई की टीम को 28 हजार रुपए का नकद पुरस्कार दिया गया। समापन समारोह में केंद्रीय विद्यालय संगठन की उपायुक्त प्रीति सक्सेना और सहायक आयुक्त सुरजीत सिंह ने विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी, पदक एवं प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर खिलाड़ियों की उपलब्धि की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में भी इसी तरह मेहनत और लगन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया। इस मौके पर विद्यालय की प्राचार्य बसंती खम्पा ने भी विजेता खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और उनकी इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की। जयपुर की बेटियों की इस सफलता ने विद्यालय परिवार के साथ ही पूरे शहर का नाम राष्ट्रीय खेल मंच पर रोशन किया है।
पेनल्टी शूटआउट में जयपुर को 3-1 से मिली जीत
जयपुर की गोलकीपर वृंदा टिंकर ने देहरादून की दो पेनल्टी रोककर टीम की जीत में अहम एवं निर्णायक भूमिका निभाई। जयपुर टीम की ओर से गोरिका यादव, देविशा सोनी और खुशी यादव ने गोल किए, जबकि देहरादून की ओर से संध्या ने एक गोल किया।
What's Your Reaction?

