कालिका यूनिट ने छात्र-छात्राओं को किया जागरूक
पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान के निर्देशन में महिला सुरक्षा एवं साइबर जागरूकता अभियान आयोजित
धौलपुर- जिला पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा के निर्देशन में धौलपुर पुलिस द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव तथा आत्मरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से लगातार विभिन्न जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में आज थाना निहालगंज क्षेत्र में महिला सुरक्षा एवं साइबर जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। अभियान के तहत श्री गोविंदम कॉन्वेंट सेकेंडरी स्कूल तथा गोपाल प्रज्ञा पीठ उच्च माध्यमिक विद्यालय, राजाखेड़ा बायपास, धौलपुर में थाना निहालगंज पुलिस एवं धौलपुर पुलिस की कालिका यूनिट द्वारा संयुक्त रूप से छात्र-छात्राओं एवं विद्यालय स्टाफ को महिला सुरक्षा एवं साइबर अपराधों से बचाव के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। थाना निहालगंज थानाधिकारी देवेन्द्र शर्मा ने छात्र-छात्राओं एवं विद्यालय स्टाफ को साइबर फ्रॉड के विभिन्न तरीकों एवं उनसे बचाव के उपायों की जानकारी दी।
उन्होंने अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, किसी भी व्यक्ति के साथ OTP, पासवर्ड अथवा अन्य गोपनीय जानकारी साझा नहीं करने, संदिग्ध गतिविधियों से सावधान रहने तथा साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल शिकायत करने के लिए जागरूक किया। इस दौरान डिजिटल अरेस्ट, APK फाइल एवं ऑनलाइन ठगी जैसे साइबर अपराधों के संबंध में भी विद्यार्थियों को महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। साथ ही राजकॉप सिटीजन ऐप की उपयोगिता के बारे में बताते हुए विद्यार्थियों एवं विद्यालय स्टाफ को ऐप डाउनलोड कर पुलिस की विभिन्न नागरिक सेवाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया। धौलपुर पुलिस की कालिका यूनिट प्रभारी श्रीमती रीना यादव ने छात्राओं को महिला सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की। उन्होंने छात्राओं को असामान्य अथवा विपरीत परिस्थितियों में घबराने के बजाय सजग एवं आत्मविश्वासी रहने तथा आवश्यकता पड़ने पर बेझिझक धौलपुर पुलिस की सहायता लेने के लिए प्रेरित किया।
महिला एवं बालिका सुरक्षा से संबंधित हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी छात्राओं को उपलब्ध कराई गई। कालिका यूनिट द्वारा बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण, सतर्कता एवं अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया। इसी क्रम में धौलपुर पुलिस की महिला आत्मरक्षा प्रशिक्षण टीम द्वारा राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, राजाखेड़ा में बालिकाओं को आत्मरक्षा संबंधी प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण के दौरान बालिकाओं को विपरीत परिस्थितियों में स्वयं की सुरक्षा करने, आत्मविश्वास बनाए रखने तथा आवश्यकता के समय प्रभावी तरीके से प्रतिक्रिया करने के विभिन्न व्यावहारिक उपायों से अवगत कराया गया। धौलपुर पुलिस का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को न केवल सुरक्षा प्रदान करना है, बल्कि उन्हें जागरूक, आत्मनिर्भर एवं आत्मरक्षा के प्रति सक्षम बनाना भी है। कार्यक्रम के दौरान विश्व पर्यावरण स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर थाना निहालगंज थानाधिकारी देवेन्द्र शर्मा द्वारा विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण भी किया गया।
उन्होंने विद्यार्थियों एवं विद्यालय स्टाफ से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य मनोज पाराशर एवं समस्त विद्यालय स्टाफ द्वारा धौलपुर पुलिस की ओर से चलाए जा रहे महिला सुरक्षा, साइबर जागरूकता एवं आत्मरक्षा अभियान की सराहना की गई तथा ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों को विद्यार्थियों के लिए उपयोगी बताया गया। इस अवसर पर धौलपुर पुलिस के सीएलजी सदस्य एवं साइबर वालंटियर योगेश शर्मा सहित विद्यालय स्टाफ एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?

