जयपुर । पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन में झालावाड़ पुलिस द्वारा मादक पदार्थ तस्करों के विरुद्ध चलाए जा रहे कड़े अभियान के तहत सुनेल थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने एमडी ड्रग फैक्ट्री संचालित करने वाले गिरोह के मुख्य सदस्य और 25 हजार रुपये के इनामी अपराधी दिनेश सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। यह आरोपी पिछले ढाई महीने से पुलिस की आंखों में धूल झोंक कर फरार चल रहा था।
एसपी अमित कुमार ने बताया कि 17 जनवरी 2026 को भवानीमंडी थानाधिकारी प्रमोद कुमार द्वारा मिश्रोली थाना क्षेत्र के ग्राम आमलिया का खेड़ा में दबिश दी गई थी। यहाँ तस्करों ने मवेशियों की टापरी की आड़ में अवैध एमडी बनाने की फैक्ट्री लगा रखी थी। उस समय पुलिस ने मौके से 710 ग्राम एमडी तरल पदार्थ और 780 ग्राम गीला एमडी,भारी मात्रा में ड्रग बनाने का केमिकल और उपकरण और तस्करी में प्रयुक्त अल्टो कार और मोटरसाइकिल जब्त की थी।
इस मामले में मुख्य आरोपी गोपाल सिंह, नरेंद्र सिंह और दिनेश सिंह मौके से फरार हो गए थे, जिन पर पुलिस अधीक्षक द्वारा 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
यूं बिछाया गया जाल
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भागचंद मीणा एवं वृत्ताधिकारी पिडावा पूजा नागर के सुपरविजन में सुनेल थानाधिकारी विष्णु सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम के सूचना अधिकारी कांस्टेबल राजेश से प्राप्त सटीक आसूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी दिनेश सिंह (28) निवासी मिश्रोली को धर दबोचा।
गिरफ्तार आरोपी दिनेश सिंह से अब सघन पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस फैक्ट्री में तैयार होने वाला नशा किन-किन राज्यों और शहरों में सप्लाई किया जा रहा था और इस नेटवर्क में अन्य कौन से बड़े नाम शामिल हैं।