1300 किलो खाद्य सामग्री जब्त, 450 किलो नष्ट करवाई

मिलावट के खिलाफ अभियान, गोल्यावास क्षेत्र में ग्रोसरी फर्म पर कार्रवाई

Jun 14, 2026 - 05:14
 0  2
1300 किलो खाद्य सामग्री जब्त, 450 किलो नष्ट करवाई

जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की पहल एवं चिकित्सा मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर के निर्देशन में प्रदेशभर में मिलावट के खिलाफ निरंतर अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में जयपुर में गोल्यावास स्थित मैसर्स आइकर्ट पर कार्रवाई कर 1300 किलो खाद्य सामग्री जब्त की गई। फर्म के विभिन्न गोदामों का निरीक्षण किया गया, जिसमें ग्रोसरी गोदाम में दाल एवं चावल के कट्टों पर पैकिंग दिनांक अंकित नहीं थी और इन्हें पिक अप में भरकर बाजार में सप्लाई के लिए ले जाया जा रहा था।

खाद्य सुरक्षा आयुक्त डॉ. टी. शुभमंगला ने बताया कि शुद्ध आहार मिलावट पर वार अभियान के तहत अतिरिक्त आयुक्त श्री भगवत सिंह के नेतृत्व में केंद्रीय दल एवं सीएमएचओ जयपुर द्वितीय की फूड सेफ्टी टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए गोल्यावास में गिर्राज नगर स्थित मैसर्स आइकर्ट पर 1300 किलो खाद्य सामग्री सीज की। टीम ने फर्म के विभिन्न गोदामों का निरीक्षण किया, जिसमें ग्रोसरी गोदाम में दाल एवं चावल के कट्टों पर पैकिंग दिनांक अंकित नहीं थी और इन्हें पिक अप में भरकर बाजार में सप्लाई के लिए ले जाया जा रहा था।

पिक अप से इन कट्टों को उतरवाकर उनमें से मौके से मसूर दाल एवं चावल का एक एक नमूना लेकर 22 कट्टे सीज किए गए। साथ ही, बिना एक्सपायरी डेट अंकित खाद्य सामग्री को नहीं बेचने हेतु पाबंद किया गया। एक्सपायरी पाए गए 450 किलो आटा एवं दाल को नष्ट करवाया गया।

फल सब्जी सेक्शन जहां से ऑनलाइन ऑर्डर पर फल एवं सब्जी सप्लाई की जा रही थी। इस कोल्ड रूम में जूते चप्पल पहने हुए काम कर रहे थे। यहाँ अत्यधिक गंदगी पाई गई।  फल एवं सब्जियां फर्श पर रखी हुई थी। होटल—रेस्टोरेंट सामग्री के गोदाम में टीन शेड में अत्यधिक तापमान में नॉन डेयरी क्रीम, म्योनीज, केचअप, सॉस आदि को बिना पैलेट के फर्श पर रखा गया था, जो नियमों का उल्लंघन है। मौके से नॉन डेयरी क्रीम के दो नमूने लेकर जांच रिपोर्ट प्राप्त होने तक 500 मिलीलीटर की 950 बोतल के 24 कार्टन सीज किए गए।

कन्फेक्शनरी गोदाम में भारी मात्रा में बाजार से रिटर्न हुआ एक्सपायरी माल रखा हुआ था जिसे तुरंत प्रभाव से निस्तारित करने हेतु पाबंद किया गया। मौके से विभिन्न खाद्य पदार्थों के सात नमूने लिए गये लिए गए, जिनकी जांच रिपोर्ट प्राप्त होने पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। फर्म के परिसर में पाई गई विभिन्न कमियों को देखते हुए खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम की धारा 32 के अंतर्गत नोटिस जारी किया जाएगा। टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी विनोद शर्मा,सुशील चोटवानी, विनोद थारवान,देवेंद्र राणावत, रमेश यादव,अमित शर्मा, लोकेश शर्मा,राजेश नागर शामिल रहे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

SJK News Chief Editor (SJK News)