रिफाइनरी में भीषण आग दूर-दूर तक दिखा धुएं का गुबार

प्रधानमंत्री आज करने वाले थे उद्घाटन, कई घंटे बाद आग पर काबू पाया गया

Apr 21, 2026 - 12:11
 0  5
रिफाइनरी में भीषण आग दूर-दूर तक दिखा धुएं का गुबार

बाड़मेर )। राजस्थान में बाड़मेर के नजदीक बालोतरा में हिंदुस्तान पेट्रोलियम लिमिटेड ( एचपीसीएल) की रिफाइनरी में सोमवार दोपहर 2 बजे भीषण आग लग गई। जानकारी के मुताबिक आग रिफाइनरी में कच्चे तेल को साफ करने वाली दो यूनिट में लगी। यूनिट से धुआं उठने पर कर्मचारियों ने फायर सेफ्टी सिस्टम चालू किया। इसके बाद मौके पर पहुंचीं फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने करीब 2 से 3 घंटे में आग पर काबू पाया।
 इस दौरान यूनिट से लपटें उठती रहीं। करीब 79 हजार 459 करोड़ रुपए की लागत से बनी इस रिफाइनरी का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को उद्घाटन करने वाले थे। इस घटना के बाद उनका दौरा स्थगित हो गया है। आग लगते ही पूरे इलाके को खाली करा लिया गया था और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। अधिकारियों ने बताया कि नुकसान और आग लगने के कारणों का आकलन बाकी है। आग इतनी तेज थी कि उसका धुआं करीब एक किलोमीटर दूर से भी दिखाई दे रहा था। आसमान में उठते धुएं के गुबार ने लोगों में डर और चिंता का माहौल पैदा कर दिया। फिलहाल प्रशासन की प्राथमिकता आग पर पूरी तरह काबू पाना और किसी भी बड़े नुकसान को रोकना है। अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और जल्द ही पूरी तरह नियंत्रण की उम्मीद है।

क्रूड यूनिट के पास लगी आग
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग रिफाइनरी की क्रूड डिस्टिलेशन यूनिट के पास लगी। घटना के बाद पूरे परिसर में अफरातफरी का माहौल बन गया। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। घटना के बाद तुरंत जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है और आगे ऐसी घटना न हो इसके लिए जरूरी कदम उठाए जाएंगे।

सीएम बोले- घटना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण, जांच के आदेश दिए
सीएम भजनलाल शर्मा ने कहा- पचपदरा स्थित एचपीसीएल राजस्थान रिफाइनरी में आग लगने की घटना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। इस संबंध में प्रशासनिक अधिकारियों और रिफाइनरी प्रबंधन से बातचीत कर स्थिति की विस्तृत जानकारी ली है। वर्तमान में स्थिति पूर्णत: नियंत्रण में है। सुरक्षा मानकों को सर्वोपरि रखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का प्रस्तावित दौरा फिलहाल स्थगित किया गया है। इस घटना की उच्चस्तरीय जांच के निर्देश दिए गए हैं। इस रिफाइनरी का उद्घाटन जल्द प्रधानमंत्री करेंगे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

SJK News Chief Editor (SJK News)