तिरंगा बाइक रैली ने जगाया देशभक्ति का जज्बा
स्वतंत्रता दिवस पर गृह रक्षा प्रशिक्षण केंद्र में ध्वजारोहण
जयपुर । 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर गृह रक्षा विभाग राजस्थान की ओर से गृह रक्षा प्रशिक्षण केंद्र जयपुर में हर्षोल्लास और देशभक्ति के वातावरण में समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत समादेष्टा गृह रक्षा प्रशिक्षण केंद्र जयपुर स्वाति शर्मा द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराने और राष्ट्रगान के साथ हुई।
इस अवसर पर श्रीमती शर्मा ने सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और गृह रक्षा स्वयंसेवकों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राष्ट्र की एकता, अनुशासन, नागरिक जिम्मेदारी और राष्ट्र सेवा ही सशक्त भारत की आधारशिला हैं। उन्होंने कहा कि गृह रक्षा स्वयंसेवकों की सेवाओं की बढ़ती मांग समाज और प्रशासन द्वारा उन पर जताए जा रहे विश्वास का प्रतीक है।
उन्होंने स्वयंसेवकों से अनुशासन, निष्ठा और ईमानदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया। साथ ही स्वयंसेवकों के कल्याण और समय पर भुगतान को विभाग की प्राथमिकता बताते हुए एचडीएमएस में जल्द ही अटेंडेंस और बिलिंग मॉड्यूल शुरू किए जाने की जानकारी दी। उन्होंने भविष्य में मोबाइल ऐप के माध्यम से ड्यूटी संबंधी जानकारी उपलब्ध कराने की भी घोषणा की।
तिरंगा बाइक रैली ने जगाया देशभक्ति का जज्बा
समारोह के दौरान गृह रक्षा विभाग की ओर से तिरंगा बाइक रैली का भी आयोजन किया गया। यह रैली गृह रक्षा प्रशिक्षण केंद्र से शुरू होकर स्टैच्यू सर्किल और अमर जवान ज्योति तक पहुंची तथा वहां से वापस प्रशिक्षण केंद्र लौटी। रैली में शामिल स्वयंसेवकों ने उत्साह के साथ देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया।
श्रीमती शर्मा ने गृह रक्षा स्वयंसेवकों से रक्तदान, वृक्षारोपण और जन-जागरूकता अभियानों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान करते हुए कहा कि राष्ट्र निर्माण में प्रत्येक नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम के अंत में कंपनी कमांडर सत्यनारायण सिंह ने सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और गृह रक्षा स्वयंसेवकों का आभार व्यक्त किया। समारोह का समापन राष्ट्र के प्रति समर्पण, सेवा और गौरव की भावना के साथ हुआ।
What's Your Reaction?

