रोहित गोदारा गैंग का तीसरा गुर्गा गिरफ्तार
पिलानी पुलिस की बड़ी कार्रवाई कॉलेज संचालक से मांगी थी 2 करोड़ की फिरौती
जयपुर । झुंझुनू जिले की पिलानी थाना पुलिस ने संगठित अपराध के खिलाफ एक और बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने कुख्यात रोहित गोदारा गैंग के सक्रिय सदस्य ललित उर्फ लिता को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने एक कॉलेज संचालक को जान से मारने की धमकी देकर 2 करोड़ रुपये की भारी-भरकम फिरौती की मांग की थी। इस मामले में पुलिस दो आरोपियों को पहले ही सलाखों के पीछे भेज चुकी है।
एसपी बृजेश ज्योति उपाध्याय ने बताया कि घटना 14 सितंबर 2025 की है, परिवादी संजीव कुमार के पास विदेशी नंबरों से कॉल आने शुरू हुए। डरे हुए परिवादी ने अनजान नंबर होने के कारण पहले कॉल नहीं उठाए, लेकिन 24 सितंबर को कॉल उठाने पर सामने वाले ने खुद को रोहित गोदारा ग्रुप का सदस्य बताया। इसके बाद वॉट्सएप पर वॉइस रिकॉर्डिंग भेजकर 2 करोड़ रुपये की मांग की गई। धमकी यहीं नहीं रुकी; बदमाशों ने चैट के जरिए मैसेज भेजा कि अगर समझौता नहीं किया तो जल्द ही तुझे और तेरे परिवार को ठेकेदार (मार देना) बना देंगे।
एसपी उपाध्याय के निर्देशन और पिलानी थानाधिकारी चंद्रभान के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने इस जटिल मामले की जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और खुफिया सूचनाओं के आधार पर पुलिस ने करीब कड़ी मशक्कत के बाद पहले इस गैंग के दो गुर्गों विकास उर्फ दुबे और अजय उर्फ पहलवान को गिरफ्तार किया था। उनसे हुई पूछताछ के बाद तीसरे आरोपी ललित उर्फ लिता का नाम सामने आया, जिसे अब पुलिस ने शिकंजे में ले लिया है।
आरोपी ललित उर्फ लिता पुत्र जसवंत (28) निवासी स्वामी सेही पहले से ही अन्य मामलों में झुंझुनू जेल में बंद था। पिलानी पुलिस ने आरोपी को प्रोडक्शन वारंट पर लिया और गहन पूछताछ के बाद उसे इस प्रकरण में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब आरोपी से गैंग के नेटवर्क और अन्य साथियों के बारे में आरोपी से गैंग के नेटवर्क और अन्य साथियों के बारे में पूछताछ कर रही है।
गिरफ्तार आरोपी ललित एक हिस्ट्रीशीटर प्रवृत्ति का अपराधी है। उसके खिलाफ झुंझुनू और हरियाणा के विभिन्न थानों में 11 आपराधिक मामले हत्या का प्रयास, अपहरण और फिरौती, आर्म्स एक्ट, मारपीट के दर्ज है।
इस सफल कार्रवाई में थानाधिकारी चंद्रभान, हेड कांस्टेबल सुरेश कुमार, कांस्टेबल जयपाल सिंह और कांस्टेबल धर्मवीर की अहम भूमिका रही।
What's Your Reaction?

