राजस्थान में आरपीएल की तैयारी
फ्रेंचाइजी मॉडल पर तैयारी तेज
जयपुर। राजस्थान में इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की तर्ज पर राजस्थान प्रीमियर लीग (आरपीएल) भी हो सकती है। प्रदेश के क्रिकेट खिलाड़ियों के लिए ये बड़ा मौका होगा। राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन की एडहॉक कमेटी इस लीग को सितंबर तक करने का प्लान कर रही है, जिसमें आईपीएल की तरह खिलाड़ियों की बोली लगेगी। एडहॉक कमेटी की बैठक में टूर्नामेंट की विस्तृत कार्य योजना तैयार की जाएगी।
एडहॉक कमेटी के कन्वीनर मोहित यादव ने कहा कि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड से अनुमति लेकर जल्द ही इसके लिए उपयुक्त टाइम स्लॉट बुक किया जाएगा, जिससे इसी साल टूर्नामेंट का सफल आयोजन हो सकें। आरसीए की कोशिश है कि सितंबर तक राजस्थान प्रीमियर लीग की शुरूआत कर दी जाए।
आरपीएल पूरी तरह आईपीएल की तर्ज पर होगा, इसमें अलग-अलग फ्रेंचाइजी टीम बनाई जाएंगी। खिलाड़ियों की नीलामी की जाएगी और मैचों को बेहतर और आकर्षक बनाया जाएगा। इसके साथ ही खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए अलग-अलग अवार्ड भी दिए जाएंगे। यादव ने बताया कि इस दौरान आरसीए के चुनाव होते हैं। तब भी एडहॉक कमेटी आरपीएल की तैयारियां इस तरीके से करेगी कि राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन की नई कार्यकारिणी को आयोजन में किसी तरह की दिक्कत न हो।
राज्य के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के लिए होगा अवॉर्ड फंक्शन: इसके साथ ही आरसीए राज्य के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए जल्द ही एक अवॉर्ड फंक्शन आयोजित करने की योजना बना रही है। इसमें घरेलू और राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा। अलग-अलग कैटेगरी में दिए जाने वाले इन अवार्ड से युवा खिलाड़ियों को प्रेरणा मिलेगी और क्रिकेट के प्रति उनका उत्साह और बढ़ेगा।
आरसीए की इस पहल को राजस्थान के क्रिकेट ढांचे के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। ऐसे में अगर आरपीएल का सफल आयोजन होता है, तो यह राज्य के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का एक मजबूत प्लेटफॉर्म साबित हो सकता है।
What's Your Reaction?

