राजस्थान पुलिस के उप अधीक्षक दिलीप सिंह ने अखिल भारतीय पुलिस टेनिस में जीता सिल्वर मेडल

महानिदेशक पुलिस ने दी बधाई, विभाग के लिए बताया ऐतिहासिक क्षण

Mar 30, 2026 - 19:11
 0  13
राजस्थान पुलिस के उप अधीक्षक दिलीप सिंह ने अखिल भारतीय पुलिस टेनिस में जीता सिल्वर मेडल
राजस्थान पुलिस के उप अधीक्षक दिलीप सिंह ने अखिल भारतीय पुलिस टेनिस में जीता सिल्वर मेडल

जयपुर। राजस्थान पुलिस के खाते में खेल जगत की एक बड़ी और ऐतिहासिक उपलब्धि जुड़ गई है। पुलिस दूरसंचार जोधपुर रेंज में तैनात उप अधीक्षक पुलिस दिलीप सिंह ने नई दिल्ली के प्रतिष्ठित आर. के. खन्ना स्टेडियम में आयोजित 26वीं अखिल भारतीय पुलिस लॉन टेनिस प्रतियोगिता-2025-26 में अपनी खेल प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए सिल्वर मेडल पर कब्जा जमाया है। यह प्रतियोगिता 24 से 28 मार्च 2026 तक भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल (आईटीबीपी) द्वारा आयोजित की गई थी।
    इस गौरवपूर्ण अवसर पर महानिदेशक पुलिस ने दिलीप सिंह को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं प्रेषित की हैं। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि राष्ट्रीय स्तर की टेनिस प्रतियोगिता में पहली बार पदक जीतकर श्री सिंह ने राजस्थान पुलिस का मस्तक गर्व से ऊंचा किया है। उन्होंने इस जीत को पुलिस विभाग की खेल भावना और कड़े अनुशासन का प्रतिफल बताया।
    दिलीप सिंह ने इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के ओपन डबल्स इवेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए यह पदक हासिल किया। उल्लेखनीय है कि इस अखिल भारतीय प्रतियोगिता के इतिहास में राजस्थान पुलिस के किसी अधिकारी द्वारा प्राप्त किया गया यह अब तक का प्रथम पदक है। इस उपलब्धि ने न केवल राजस्थान पुलिस के मान-सम्मान को राष्ट्रीय स्तर पर नई ऊंचाइयां दी हैं, बल्कि विभाग के अन्य खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणा का मार्ग प्रशस्त किया है।
    गौरतलब है कि दिलीप सिंह टेनिस कोर्ट पर लगातार अपनी जीत का परचम लहरा रहे हैं। इस राष्ट्रीय पदक से पूर्व वे राजस्थान राज्य सिविल सेवा के अंतर्गत आयोजित 10वीं (2024-25) एवं 11वीं (2025-26) सी.एस. चैलेंजर कप टेनिस प्रतियोगिता में भी लगातार विजेता रहे हैं। उनकी इन निरंतर सफलताओं पर पुलिस मुख्यालय सहित पूरे विभाग में हर्ष का माहौल है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

SJK News Chief Editor (SJK News)