मन की बात में पीएम ने 2025 की देश की उपलब्धियों पर चर्चा की
सीएम भजनलाल शर्मा ने आमजन के साथ सुनी ‘मन की बात’
नई दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मन की बात के 129वां एपिसोड 2025 में देश की उपलब्धियों पर चर्चा की। 2025 के आखिरी एपिसोड में नए साल 2026 की चुनौतियों, संभावनाओं, डेवलपमेंट पर भी चर्चा की। पीएम ने कहा- 2025 भारत के लिए गर्व भरे मील के पत्थरों का साल था। चाहे राष्ट्रीय सुरक्षा हो, खेल हो, वैज्ञानिक इनोवेशन हो या दुनिया के सबसे बड़े प्लेटफॉर्म हों, भारत का असर हर जगह दिखाई दे रहा था। इसके अलावा पीएम मोदी ने खेल, पीएम मोदी ने खेल, वंदेमातरम्, अंतरिक्ष, महाकुंभ, राम मंदिर और 77वें गणतंत्र दिवस पर अपनी बात रखी।
पीएम मोदी ने कहा कि 2025 में भारत ने सुरक्षा, खेल, विज्ञान और वैश्विक मंचों पर अपनी मजबूत छाप छोड़ी
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि देश की सुरक्षा से लेकर खेल के मैदान तक, विज्ञान की प्रयोगशालाओं से लेकर दुनिया के बड़े मंचों तक भारत ने हर जगह अपनी मजबूत छाप छोड़ी। ‘मन की बात’ कार्यक्रम में पीएम मोदी ने कहा, “इस साल ‘ऑपरेशन सिंदूर’ हर भारतीय के लिए गर्व का प्रतीक बना। दुनिया ने साफ देखा कि आज का भारत अपनी सुरक्षा से कोई समझौता नहीं करता। ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान देश के कोने-कोने से मां भारती के प्रति प्रेम और समर्पण की तस्वीरें सामने आईं। लोगों ने अपने-अपने तरीके से अपने भाव व्यक्त किए।”
पीएम मोदी ने ‘वंदे मातरम 150’ अभियान में देशवासियों की भागीदारी और सुझाव साझा करने की प्रेरणा दी
उन्होंने आगे कहा कि यही जज्बा तब भी देखने को मिला जब ‘वंदे मातरम’ के 150 साल पूरे हुए। मैंने आग्रह किया था कि ‘हैशटैग वंदे मातरम 150’ के साथ अपने संदेश और सुझाव भेजें। देशवासियों ने इस अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
पीएम मोदी ने बताया कि 2025 में पुरुष और महिला क्रिकेट टीमों ने आईसीसी ट्रॉफी और विश्व कप जीतकर गौरव बढ़ाया
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि 2025 खेल के लिहाज से भी यादगार साल रहा। पुरुष क्रिकेट टीम ने आईसीसी चैंपियन्स ट्रॉफी जीती और महिला क्रिकेट टीम ने पहली बार विश्व कप अपने नाम किया। भारत की बेटियों ने ‘ब्लाइंड टी-20 वर्ल्ड कप’ जीतकर इतिहास रच दिया। एशिया कप में भी तिरंगा शान से लहराया। पैरा एथलीटों ने विश्व चैंपियनशिप में कई पदक जीतकर यह साबित किया कि कोई बाधा हौसलों को नहीं रोक सकती है।
पीएम मोदी ने 2025 में भारत की अंतरिक्ष, विज्ञान प्रगति, पर्यावरण संरक्षण और चीतों की बढ़ती संख्या का जिक्र किया
उन्होंने याद किया कि विज्ञान और अंतरिक्ष के क्षेत्र में भी भारत ने बड़ी छलांग लगाई। पीएम मोदी ने कहा कि शुभांशु शुक्ला पहले भारतीय बने, जो अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष सेंटर तक पहुंचे। अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और वन्य जीवों की सुरक्षा से जुड़े कई प्रयास भी 2025 की पहचान बने। भारत में चीतों की संख्या भी 30 से ज्यादा हो चुकी है।
पीएम मोदी ने 2025 में प्रयागराज महाकुंभ, अयोध्या राम मंदिर ध्वजारोहण और स्वदेशी उत्साह को याद किया
आस्था, संस्कृति और भारत की विरासत की बात करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि साल की शुरुआत में प्रयागराज महाकुंभ ने पूरी दुनिया को चकित किया। साल के अंत में अयोध्या में राम मंदिर पर ध्वजारोहण के कार्यक्रम ने हर भारतीय को गर्व से भर दिया। स्वदेशी को लेकर भी लोगों का उत्साह खूब दिखाई दिया। लोग वही सामान खरीद रहे हैं, जिसमें किसी भारतीय का पसीना लगा हो और भारत की मिट्टी की सुगंध हो।
पीएम मोदी ने कहा कि 2025 ने भारत को आत्मविश्वासी बनाया, और 2026 नई उम्मीदों एवं संकल्पों के लिए तैयार है
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि हम गर्व से कह सकते हैं कि 2025 ने भारत को और अधिक आत्मविश्वास दिया है। उन्होंने यह भी कहा कि अब 2026 में नई उम्मीदों और नए संकल्पों के साथ देश आगे बढ़ने के लिए तैयार है।(इनपुट-आईएएनएस)
जयपुर. राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 'मन की बात' कार्यक्रम के माध्यम से देश की प्रगति का सफर हमसे साझा करते हैं और यह कार्यक्रम देश की उपलब्धियों पर गर्व करने का अवसर है। शर्मा ने मुख्यमंत्री निवास पर रविवार को आमजन के साथ 'मन की बात' कार्यक्रम को सुना। उन्होंने कहा कि मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2025 में राजस्थान सहित सम्पूर्ण देश ने विभिन्न क्षेत्रों में सफलता के नए आयाम स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मन की बात कार्यक्रम के माध्यम से देश की प्रगति का सफर हमसे साझा करते हैं। यह कार्यक्रम देश की उपलब्धियों पर गर्व करने का अवसर है।
What's Your Reaction?

