प्यावड़ी में बनेगा भव्य जिन मंदिर, 23 जनवरी को होगा शिलान्यास

संत-साध्वीजन संसघ का मिलेगा सान्निध्य ।

Jan 10, 2026 - 19:53
 0  16
प्यावड़ी में बनेगा भव्य जिन मंदिर, 23 जनवरी को  होगा शिलान्यास

निवाई। आचार्य इन्द्रनन्दी महाराज 108 ससंघ के सान्निध्य एवं मंगल आशीर्वाद तथा स्वस्तिधाम प्रणेत्री गणिनी आर्यिका 105 स्वस्तिभूषण माताजी के मंगल सान्निध्य और निर्देशन में श्री चन्द्रप्रभु दिगम्बर जैन अतिशय क्षेत्र, प्यावड़ी (पीपलू) में दो दिवसीय भव्य धार्मिक एवं आध्यात्मिक महोत्सव का आयोजन  22 और 23 जनवरी 2026 को किया जाएगा। जैन अतिशय क्षेत्र समिति प्यावड़ी के तत्वावधान में 23 जनवरी को भव्य जिन मंदिर निर्माण को लेकर शिलान्यास तथा गुरु मां का 30 वां दीक्षा महोत्सव भी धूमधाम से मनाया जाएगा। इस ऐतिहासिक समारोह के साक्षी बनने के लिए टोंक जिले सहित देशभर से करीब 15 हजार से अधिक श्रद्धालु शामिल होंगे। 

जिन मंदिर का होगा कायाकल्प

महोत्सव के दौरान प्यावड़ी अतिशय क्षेत्र के कायाकल्प एवं नवनिर्माण कार्य का शिलान्यास भी किया जाएगा, जिससे क्षेत्र के धार्मिक, आध्यात्मिक एवं संरचनात्मक विकास को नई दिशा मिलेगी। आयोजन समिति के अनुसार इस भव्य आयोजन में जैन समाज के कई संत-साध्वीजन, समाजजन एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे। यह आयोजन संयम, साधना और नव निर्माण के माध्यम से समाज को आध्यात्मिक चेतना से जोड़ने वाला एक महत्वपूर्ण अवसर सिद्ध होगा। आयोजन में प्रतिष्ठाचार्य पंडित मनोज शास्त्री बगरोही एवं अनुष्ठानाचार्य कपिल भैया इंदौर द्वारा पूजा अर्चना करवाई जाएगी। 

संयम, तप और त्याग के 3 दशक पूर्ण

प्यावड़ी में आयोजित होने जा रहा कार्यक्रम आर्यिका स्वस्तिभूषण माताजी के संयम, तप और त्याग के तीन गौरवशाली दशकों के पूर्ण होने का भी साक्षी बनेगा। आर्यिका का 30वां दीक्षा दिवस का पावन पर्व श्रद्धा एवं भक्ति भाव से मनाया जाएगा। माताजी द्वारा तीन दशकों से अपनाए गए संयममय जीवन और कठोर साधना को यह आयोजन समर्पित होगा।

आर्यिका स्वस्तिभूषण माताजी ससंघ का प्यावड़ी के लिए मंगल विहार प्रारंभ

महोत्सव की तैयारियों के क्रम में आर्यिका स्वस्तिभूषण माताजी ससंघ का 5 जनवरी को जहाजपुर स्थित स्वस्तिधाम से प्यावड़ी के लिए मंगल विहार प्रारंभ हो चुका है। ससंघ के मंगल विहार को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह का वातावरण है। 11 जनवरी को आर्यिका स्वस्तिभूषण माताजी का टोडारायसिंह में मंगल प्रवेश हुआ है, जहां श्रद्धालुओं द्वारा भावपूर्ण स्वागत किया गया। इससे पूर्व 5 जनवरी, 2026 को जहाजपुर स्वस्तिधाम मंदिर में प्यावड़ी में 23 जनवरी को आयोजित होने वाले महोत्सव के आधिकारिक पोस्टर का विमोचन भी किया गया। पोस्टर विमोचन के दौरान आगामी कार्यक्रमों की जानकारी दी गई तथा श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में टोंक जिले के पीपलू तहसील के प्यावड़ी में होने वाले कार्यक्रम में उपस्थित रहने का आह्वान किया गया। साथ ही, जहाजपुर मंदिर में पीपलू क्षेत्र के श्रद्धालुओं ने शांतिधारा, अभिषेक किया।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

SJK News Chief Editor (SJK News)