नशे की कमाई से बने साम्राज्य पर चला बुलडोजर

बीकानेर पुलिस ने ढहाया तस्कर का अवैध निर्माण, अतिक्रमण जमींदोज

Jun 18, 2026 - 11:19
 0  3
नशे की कमाई से बने साम्राज्य पर चला बुलडोजर

जयपु । महानिदेशक पुलिस राजीव कुमार शर्मा के निर्देशानुसार पश्चिमी राजस्थान में मादक पदार्थों की तस्करी और संगठित अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे महा-अभियान में बीकानेर पुलिस ने आज एक और बड़ी नजीर पेश की है। पुलिस महानिरीक्षक बीकानेर रेंज ओमप्रकाश एवं पुलिस अधीक्षक बीकानेर मृदुल कच्छावा के कड़े निर्देशन में जारी विशेष अभियान ऑपरेशन नीलकंठ के तहत सदर थाना पुलिस ने बड़ी नकेल कसी है।
    पुलिस ने ड्रग तस्करी और नशे के काले कारोबार से अर्जित काली कमाई से बनाए गए एक नामी तस्कर जग्गू के अवैध निर्माण और अतिक्रमण को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया है।
   चिन्हित आरोपी जग्गू उर्फ मोहम्मद शकील उर्फ रोनक पुत्र मोहम्मद अब्बास, निवासी भुट्टों का बास एक शातिर और आदतन ड्रग तस्कर है। इस आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट सहित विभिन्न गंभीर अपराधों में कुल 07 आपराधिक प्रकरण अलग-अलग थानों में दर्ज हैं।
    आरोपी जग्गू ने नशे के इस अवैध धंधे से भारी मुनाफा कमाकर कस्बा भुट्टों का बास में सार्वजनिक मार्ग पर अवैध रूप से अतिक्रमण कर रखा था और वहां एक दुकान व अन्य पक्का निर्माण खड़ा कर लिया था।
प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने लिया कड़ा एक्शन
इस अवैध साम्राज्य को नेस्तनाबूद करने के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर चक्रवर्ती सिंह राठौड़ के निर्देशन एवं सहायक पुलिस अधीक्षक सदर अनुष्ठा कालिया के सुपरविजन में सदर थानाधिकारी सुरेन्द्र पचार के नेतृत्व में एक मजबूत टीम का गठन किया गया।
     बुधवार को बीकानेर पुलिस, बीकानेर विकास प्राधिकरण और राजस्व विभाग की संयुक्त टीमों ने भारी पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचकर तस्कर द्वारा किए गए अवैध अतिक्रमण और दुकान को क्रेन व मलबे हटाने वाले कटर की मदद से पूरी तरह जमींदोज कर दिया।
अपराधियों को दोटूक संदेश: अवैध नेटवर्क को पनपने नहीं देगी पुलिस
इस बड़ी कार्रवाई के माध्यम से बीकानेर पुलिस प्रशासन ने जिले के तमाम तस्करों और भू-माफियाओं को बेहद कड़ा और स्पष्ट संदेश दिया है। पुलिस मुख्यालय ने साफ कर दिया है कि नशे के अवैध कारोबार से कमाए गए पैसे, इसके दम पर बनाए गए अवैध कब्जों, रुतबे और अपराधियों के इस पूरे नेक्सस को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऑपरेशन नीलकंठ के तहत अपराधियों की आर्थिक कमर तोड़ने वाली ऐसी सख्त हिंसक-मुक्त और कानूनी कार्रवाइयां आगे भी पूरे जिले में निरंतर जारी रहेंगी।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

SJK News Chief Editor (SJK News)