जिला प्रभारी एवं जिला कलेक्टर ने निवाई नगर पालिका में शहरी सेवा शिविर का किया निरीक्षण
निवाई। जिला प्रभारी सचिव अर्चना सिंह और जिला कलेक्टर कल्पना अग्रवाल ने निवाई नगर पालिका में शहरी सेवा शिविर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने लाभार्थियों को 101 पट्टों का वितरण किया और विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली।
पालिका परिसर में आयोजित इस शिविर के निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने कर्मचारियों से योजनाओं के क्रियान्वयन पर फीडबैक लिया और व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने लाभार्थियों से सीधे संवाद कर योजनाओं से मिलने वाले लाभ पर भी चर्चा की। पट्टे वितरण कार्यक्रम में जिला प्रभारी सचिव अर्चना सिंह, जिला कलेक्टर कल्पना अग्रवाल के साथ विधायक राम सहाय वर्मा, नगर पालिका अध्यक्ष दिलीप इसरानी और भाजपा शहर मंडल अध्यक्ष नितिन छाबड़ा भी मौजूद थे । इस दौरान शहरी क्षेत्र के लाभार्थियों को 101 पट्टों के वितरण के अतिरिक्त प्रधानमंत्री आवास योजना (PMAY) के तहत 18 लाभार्थियों को ₹50,000 की राशि प्रदान की गई। मुख्यमंत्री शहरी रोजगार योजना में 40 जॉब कार्ड जारी किए गए, जबकि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत 6 लाभार्थियों को ₹50,000 का आर्थिक लाभ मिला। घरेलू शौचालय निर्माण के लिए 12 लाभार्थियों को प्रथम किस्त भी जारी की गई।
इसी मौके पर 'स्वच्छता ही सेवा अभियान 2025' का भी शुभारंभ किया गया, जो 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा। इस अभियान के तहत शहर में विशेष सफाई कार्य किए जाएंगे। 25 सितंबर को जनप्रतिनिधि श्रमदान करेंगे, वहीं 1 अक्टूबर को स्वच्छता रैली का आयोजन होगा। इस कार्यक्रम में शहर मंडल अध्यक्ष नितिन छाबड़ा, जीतपाल गुर्जर, पुरुषोत्तम शर्मा, बद्री नटवाड़ा, जय नारायण कुमावत, जितेंद्र धारवाल सहित सभी मंडलों के अध्यक्ष, भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे।
What's Your Reaction?

