जयपुर, एक अप्रैल। राज्य सरकार की प्राथमिकताओं के अनुरूप ग्रामीण विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की दिशा में बुधवार को एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया।
शासन सचिव, ग्रामीण विकास विभाग कृष्ण कुणाल द्वारा राजस्थान ग्रामीण आजीविका विकास परिषद (राजीविका) के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की गई। बैठक के दौरान विभिन्न योजनाओं की प्रगति, उनके जमीनी स्तर पर प्रभाव एवं क्रियान्वयन की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली गई।
सचिव महोदय ने विभाग की कार्यप्रणाली को विस्तार से समझते हुए योजनाओं के संचालन में आ रही चुनौतियों एवं सुधार की संभावनाओं पर भी चर्चा की। उन्होंने पारदर्शिता, समयबद्धता एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन पर विशेष बल दिया, जिससे लाभार्थियों तक योजनाओं का अधिकतम लाभ सुनिश्चित किया जा सके।
बैठक में योजनाओं के प्रभावी मॉनिटरिंग, समन्वय एवं नवाचारों को बढ़ावा देने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश भी प्रदान किए गए।
यह बैठक विभागीय कार्यप्रणाली को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा राज्य में समावेशी एवं सतत ग्रामीण विकास को गति प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।